गुरदासपुर में पेड़ से टकराई कार, दो लोगों की मौत:तेज रफ्तार में संतुलन बिगड़ने से हादसा, एक मौके पर तो दूसरे अस्पताल में तोड़ा दम

गुरदासपुर के दीनानगर-गाहलड़ी रोड पर स्थित गांव नीवां धकाला के पास रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा होने का समाचार मिला है। यहाँ गाहलड़ी स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा टाहली साहिब में नतमस्तक होने जा रहे युवकों की ऑल्टो कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक टाहली के पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि इस हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार तेज होने के कारण संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे पेड़ में जा घुसी। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के राहगीर तुरंत मदद के लिए दौड़े। कार में सवार रविंदर सिंह पुत्र गुरविंदर सिंह, निवासी जंगली भावनी की भीषण चोटों के कारण मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। लोगों ने कार से निकालकर पहुंचाया अस्पताल राहगीरों ने कार के परखच्चे उड़ने के बाद उसमें फंसे दो अन्य युवकों को कड़ी मशक्कत से बाहर निकाला और तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुँचाया। जहाँ डॉक्टरों के अथक प्रयासों के बावजूद रितम पुत्र नरेंद्र, निवासी आवांखा (दीनानगर) ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस हादसे में घायल हुए तीसरे युवक की हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है, जिसका अस्पताल में गहन इलाज जारी है। कार के उड़े परखच्चे, पुलिस जांच में जुटी हादसे का मंजर इतना खौफनाक था कि टक्कर के बाद ऑल्टो कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर मलबे के ढेर में तब्दील हो गई। सूचना पर थाना बहरामपुर की पुलिस टीम ने पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। बहरामपुर पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिक तौर पर हादसा वाहन के अनियंत्रित होने के कारण हुआ लग रहा है, फिर भी तकनीकी पहलुओं और हादसे के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी गई है।

   

सम्बंधित खबर