होशियारपुर में एक्सिडेंट में एक की मौत:गढ़शंकर में वाहन आमने-सामने टक्कराए,मुर्गों से भरी बोलेरो पलटी, छोटे हाथी में लदा बैल मरा

होशियारपुर के गढ़शंकर में तड़के एक छोटा कमर्शियल वाहन और मुर्गियों से लदी बोलेरो गाड़ी के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में छोटा कमर्शियल वाहन के चालक लखवीर सिंह (45) की मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा, वाहन में ले जाए जा रहे दो बैलों में से एक बैल ने भी दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद बोलेरो गाड़ी पलट गई और उसका चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। वाहन चालक और एक बैल की मौत मृतक की पहचान 45 वर्षीय लखवीर सिंह के रूप में हुई है, जो होशियारपुर के मंड इलाके का रहने वाला था। लखवीर सिंह अपने छोटे हाथी वाहन में दो बैल लादकर कुराली से होशियारपुर की तरफ जा रहा था। इसी दौरान वह हादसे का शिकार हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन में मौजूद दो बैलों में से एक की भी जान चली गई। बोलेरो चालक मौके से फरार सामने से आ रही बोलेरो गाड़ी होशियारपुर की ओर से मुर्गियां लेकर गढ़शंकर की तरफ बढ़ रही थी। टक्कर के बाद बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। दुर्घटना के तुरंत बाद बोलेरो का चालक पुलिस और लोगों के पहुंचने से पहले ही मौके से भागने में कामयाब रहा। पुलिस कार्रवाई जारी घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक लखवीर सिंह के शव को अपने कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। फिलहाल पुलिस फरार बोलेरो चालक की तलाश और मामले की कानूनी जांच में जुटी है।

   

सम्बंधित खबर