होशियारपुर में बेकाबू कार खंभे से टकराई:चार महिलाओं समेत पांच घायल, किसी वाहन को बचाने में हुआ हादसा, पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल
- DSS Admin
- May 10, 2026
होशियारपुर-माहिलपुर रोड पर गांव जैतपुर के पास एक भीषण सड़क हादसा होने का समाचार प्राप्त हुआ है। एक बेकाबू इंडिगो कार सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई, जिससे कार में सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत उपचार के लिए सिविल अस्पताल माहिलपुर में भर्ती कराया गया है। सड़क सुरक्षा टीम के एएसआई बलजिंदर सिंह ने बताया कि हादसा अड्डा जैतपुर के पास पेट्रोल पंप और भट्ठे के बीच हुआ। कार चालक चंद्र शेखर अपनी महिला रिश्तेदारों—लवलीन कौर, जसविंदर कौर, लखविंदर कौर और कुलविंदर कौर के साथ इंडिगो कार (PB 65 N 9845) में सवार होकर होशियारपुर की ओर जा रहे थे। रास्ते में किसी अन्य वाहन को बचाने के प्रयास में चंद्र शेखर कार पर से नियंत्रण खो बैठे और गाड़ी सीधे खंभे से जा भिड़ी। रोड सेफ्टी टीम ने पहुँचाया अस्पताल टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में सवार सभी पांचों लोग घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद राहगीरों ने इसकी सूचना 'डायल 112' पर दी। सूचना मिलते ही रोड सेफ्टी की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को कार से बाहर निकाला। टीम ने घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद एम्बुलेंस के माध्यम से सिविल अस्पताल माहिलपुर पहुँचाया, जहाँ उनका इलाज जारी है। पुलिस की कार्रवाई और सुरक्षा अपील हादसे के बाद सड़क सुरक्षा पुलिस ने मौके पर पहुँचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, कार की हालत देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि टक्कर काफी तेज थी। एएसआई बलजिंदर सिंह ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे सड़क पर चलते समय गति सीमा का ध्यान रखें और सावधानी बरतें ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके। फिलहाल पुलिस मामले की अगली कार्रवाई में जुटी है।

