मुकेरियां में प्रवासी मजदूर ने पत्नी की चाकू मारकर हत्या:ईंट भट्ठे पर वारदात; आरोपी पति पुलिस हिरासत में, जांच जारी
- Neha Gupta
- Jun 19, 2026
होशियारपुर के मुकेरियां में एक प्रवासी मजदूर ने अपनी पत्नी की चाकू मारकर हत्या कर दी। यह घटना थाना हाजीपुर के अंतर्गत गांव दगन स्थित एक ईंट भट्ठे पर शुक्रवार देर रात करीब 2 बजे हुई। मृतका की पहचान 27 वर्षीय ज्योति के रूप में हुई, जो लक्ष्मी नारायण की पत्नी और छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले की निवासी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मृतका के भाई पंच ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि ज्योति की शादी सात साल पहले लक्ष्मी नारायण से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही लक्ष्मी नारायण ज्योति पर शक करने लगा और उसके साथ मारपीट व अन्य तरह से प्रताड़ना करता था। इसी प्रताड़ना से परेशान होकर ज्योति एक महीने पहले अपनी बेटी के साथ अपने रिश्तेदारों के पास दगन गांव आ गई थी और यहां ईंट पाथने का काम करने लगी थी। दोनों के बीच हो गई थी सुलह जब लक्ष्मी नारायण को ज्योति के यहां होने का पता चला, तो वह तीन दिन पहले दगन गांव आ गया। रिश्तेदारों की मध्यस्थता से दोनों के बीच सुलह हो गई थी और वे फिर से साथ रहने लगे थे। शुक्रवार सुबह करीब 2 बजे उनकी झुग्गी से पंखा टूटने जैसी आवाज आई। पड़ोसियों और ज्योति के भाई ने जाकर देखा तो लक्ष्मी नारायण अपनी बहन का कत्ल कर उसके शव को बेड के नीचे धकेल रहा था। शोर मचाने पर लक्ष्मी नारायण वहां से भागने में सफल रहा, लेकिन तब तक ज्योति दम तोड़ चुकी थी। घटना की सूचना थाना हाजीपुर पुलिस को दी गई। थाना प्रभारी हरप्रेम ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। उन्होंने बताया कि फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। आरोपी लक्ष्मी नारायण को हिरासत में ले लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।

