भास्कर न्यूज | जालंधर जालंधर में राष्ट्रीय डेंगू दिवस पर सिविल सर्जन डॉ. राजेश गर्ग ने लोगों से डेंगू के फैलाव को रोकने के लिए आवश्यक और उपयुक्त कदम अपनाने की अपील की। डॉ. राजेश गर्ग ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग हर साल 16 मई को राष्ट्रीय डेंगू दिवस मनाता है। इसका उद्देश्य डेंगू से बचाव के कदमों को बढ़ावा देना और लोगों को डेंगू बुखार से सुरक्षा के प्रति अधिक जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि डेंगू एडीज एजिप्टी मच्छर के काटने से होता है, जो साफ ठहरे पानी के स्रोतों में पनपता है और दिन के समय काटता है। उन्होंने तेज बुखार, शरीर व पेट में दर्द, उल्टी, मसूड़ों से खून और आंखों के पीछे दर्द को संभावित लक्षण बताया। उन्होंने बताया कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में डेंगू की जांच और इलाज मुफ्त है। जिले में एंटी लार्वा टीमें सक्रिय हैं। जिला एपिडेमोलॉजिस्ट डॉ. आदित्यपाल और डॉ. शोभना बांसल के नेतृत्व में एमपीएचडब्ल्यू, ब्रीडिंग चेकर और आशा वर्कर घर-घर जांच कर लार्वा नष्ट कर रहे हैं।

