रिषड़ा में देर रात तक चला रेस्क्यू, आखिरकार बच गई गौमाता की जान
- DSS Admin
- May 19, 2026
हुगली, 19 मई (हि.स.)। हुगली जिले के रिषड़ा में वार्ड संख्या 10 के पार्षद मनोज सिंह के पहल पर फायर ब्रिगेड के जवानों ने सोमवार देर रात रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर रिषड़ा रेलवे स्टेशन के समीप बड़े नाले में गिरे एक गौमाता की जान आखिरकार बचा ली।
दरअसल, रिषड़ा रेलवे स्टेशन के समीप बड़े नाले पर बने एक मैनहोल पर रखा हुआ स्लैब(सीमेंट का ढक्कन) टूट गया था। सोमवार रात उस मैनहोल में एक गाय गिर गई।
देर रात स्थानीय लोगों से सूचना पाकर स्थानीय पार्षद मनोज सिंह, भाजयुमो नेता संतोष मंडल और अन्य लोग मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड को मामले की जानकारी दी गई। तत्काल एक गाड़ी के साथ फायर ब्रिगेड के जवान मौके पर पहुंचे और हथौड़े से नाले को और चौड़ा करके गाय को नाले से बाहर निकाला गया और उसकी जान बची।
भाजपा पार्षद ने कहा, मैनहोल का स्लैब टूट गया और किसी ने सूचना तक नहीं दी। यदि कोई व्यक्ति इस नाले में गिरता तो बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। बहरहाल, गौमाता को त्वरित बचाने के लिए मैं फायर ब्रिगेड के लोगों का ध्यानवाद करता हूं। मैनहोल पर रखा स्लैब कैसे टूटा, इसका पता लगाने की कोशिश कर रहा हूं। ऐसी बड़ी लापरवाही करने वालों को बख्शा नहीं जायेगा।
---------------

