जालंधर | फुटबॉल चौक से एपीजे कॉलेज की तरफ आ रहे एक हरियाणा नंबर के भारी वाहन ने सिग्नल ग्रीन होते ही एक कार को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया, लेकिन खुशकिस्मती यह रही कि कार चला रहे स्थानीय पेट्रोल पंप कारोबारी सुरक्षित बच गए। इस घटना के बाद आरोपी ड्राइवर ने रुकने के बजाय भागने की कोशिश की, जिसके बाद उसका पीछा किया गया। पीड़ित बिजनेसमैन भारत भूषण चावला ने बताया कि वह अपने दफ्तर का काम निपटाकर घर लौट रहे थे। जब वह एपीजे कॉलेज के नजदीक पहुंचे तो वहां रेड लाइट थी, जिस वजह से उन्होंने अपनी आई-20 कार रोक ली। कुछ ही पल में जैसे ही ट्रैफिक लाइट हरी हुई, उन्होंने अपनी गाड़ी आगे बढ़ाई। इसी दौरान अचानक सामने से आए एक तेज रफ्तार कैंटर के चालक ने लापरवाही से गाड़ी को मोड़ा और कार में टक्कर मार दी।

