जालंधर में पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों में हंगामा:पुलिस के सामने ही लगे छेड़खानी और गैंगस्टर बुलाकर धमकाने के गंभीर आरोप
- DSS Admin
- May 14, 2026
जालंधर स्थित कबीर नगर इलाके में पुरानी रंजिश को लेकर दो गुट आपस में भिड़ गए। इस हंगामे के दौरान गाली-गलौज और हाथापाई की नौबत आ गई, जिसके बाद मौके पर थाना डिवीजन नंबर 1 की पुलिस पहुंची। विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने दूसरे पर गैंगस्टर बुलाने, पिस्तौल दिखाने और महिलाओं के साथ छेड़खानी करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुराने विवाद को लेकर लड़ाई घटना की शुरुआत कबीर नगर की गलियों में हुई, जहां दो पड़ोसी परिवारों के बीच पुराना विवाद एक बार फिर उग्र हो गया। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, विवाद के दौरान जमकर हंगामा हुआ और गाली-गलौज की गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम पीसीआर गाड़ी के साथ पहुंची, लेकिन पुलिस की मौजूदगी में भी दोनों पक्ष एक-दूसरे पर चिल्लाते और आरोप लगाते नजर आए। छेड़ाछाड का लगाया आरोप पीड़ित परिवार का आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोग, जिनमें रमेश भगत नामक व्यक्ति का नाम प्रमुखता से लिया जा रहा है, उन्हें लंबे समय से प्रताड़ित कर रहे हैं। महिला ने रोते हुए बताया कि उनके बच्चों को डराया-धमकाया जा रहा है और उनकी बेटी के साथ छेड़खानी व दुष्कर्म की धमकियां दी जा रही हैं। आरोप है कि विरोधी पक्ष ने कुछ अज्ञात युवकों को बुलाया था जिनके पास हथियार भी थे। वहीं, दूसरे पक्ष ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि उन्होंने केवल पुलिस को सूचित किया था। हंगामा कर रहे परिवार का कहना है कि उनकी सुनवाई कहीं नहीं हो रही है और पुलिस प्रशासन भी रसूखदार लोगों के दबाव में काम कर रहा है। महिला ने भावुक होते हुए कहा कि उनका पूरा परिवार इस टॉर्चर की वजह से खत्म होने की कगार पर है और वे इंसाफ की गुहार लगा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों को शांत करवाने की कोशिश की और मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस का कहना है कि 112 नंबर पर शिकायत मिलने के बाद टीम तुरंत पहुंची थी। फिलहाल पुलिस ने गाड़ियों के नंबर और सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि क्या वाकई में हथियारबंद युवक या गैंगस्टर मौके पर बुलाए गए थे।

