जालंधर में 3 भाइयों की नई कोठियों में चोरी:पॉश इलाके में वारदात से हड़कंप; ताले तोड़कर लाखों का सामान लेकर फरार

जलंधर के पॉश कॉलोनी ग्रेटर कैलाश में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है, जहां चोरों ने तीन सगे भाइयों की निर्माणाधीन कोठियों को अपना निशाना बनाया। चोर तीनों मकानों के ताले तोड़कर बाथरूम की फिटिंग्स और अन्य कीमती सामान समेटकर फरार हो गए। पीड़ितों के मुताबिक चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब ढाई से तीन लाख रुपये है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। काम खत्म कर घर लौटे थे भाई, सुबह खुला राज ग्रेटर कैलाश कॉलोनी में रहने वाले सोनू अग्रवाल और उनके दो भाई इलाके में ही अपनी नई कोठियों का निर्माण करवा रहे हैं। तीनों भाइयों के मकान साथ-साथ ही बन रहे हैं। रोजाना की तरह बीती शाम जब लेबर का काम खत्म हुआ, तो तीनों भाई कोठियों को ताला लगाकर अपने पुराने घर चले गए थे। निर्माण कार्य चलने के कारण रात के समय वहां कोई मौजूद नहीं था। सुबह जब सोनू अग्रवाल और उनके भाई कंस्ट्रक्शन का काम देखने के लिए अपनी नई कोठियों पर पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। कोठियों के मुख्य दरवाजों और कमरों के ताले टूटे हुए थे। जब उन्होंने अंदर जाकर देखा तो सारा सामान बिखरा पड़ा था और बाथरूम में लगी महंगी फिटिंग्स गायब थीं। ढाई से तीन लाख की चोरी, पुलिस जांच में जुटी सोनू अग्रवाल ने बताया कि चोरों ने बड़ी चालाकी से तीनों कोठियों को निशाना बनाया। चोरों ने बाथरूम में लगे नल, शावर, कीमती प्लंबिंग का सामान और अन्य कंस्ट्रक्शन मटेरियल पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित परिवार के अनुसार, तीनों कोठियों से कुल मिलाकर करीब ढाई से तीन लाख रुपये का सामान चोरी हुआ है। घटना की जानकारी तुरंत संबंधित थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने पीड़ित भाइयों के बयान दर्ज कर लिए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कॉलोनी और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है, ताकि चोरों का सुराग लगाया जा सके और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

   

सम्बंधित खबर