कार्तिक का ट्रैैवल फ्रैंडली टूथब्रश हुआ पेटेंट

जालंधर | कार्तिक शर्मा को उनके स्मार्ट और ट्रैवल फ्रेंडली टूथब्रश डिजाइन के लिए पेटेंट मिला है। इस टूथब्रश में रिमूवेबल टूथ हेड और इनबिल्ट वॉटर जेट डेंटल फ्लॉसर लगाया गया है। इस प्रोजेक्ट को एनआईटी दिल्ली ने फंड किया था। कार्तिक ने बताया कि उन्हें यह आइडिया दसवीं कक्षा में पढ़ाई के दौरान आया था। उस समय वह नीति आयोग द्वारा आयोजित इंस्पायर मानक अवॉर्ड में शामिल हुए थे। कार्तिक ने अपने मेंटर चंदन की देखरेख में टूथब्रश के छह मॉडल तैयार किए थे। इनमें से पांच मॉडल राष्ट्रीय स्तर पर चुने गए और उन्होंने इन्हें दिल्ली के विज्ञान भवन में प्रदर्शित किया। उनके इस काम को सम्मान भी मिला। करीब 10 लाख आइडियाज में से उनका आइडिया राष्ट्रीय स्तर के लिए चुना गया था। उस समय वह पुलिस डीएवी स्कूल के छात्र थे। अब वह बीकॉम की पढ़ाई कर रहे हैं। इस उत्पाद का पेटेंट करवाने में एनआईटी के प्रोफेसर ज्योतीश मल्होत्रा ने उनका मार्गदर्शन किया। प्रिंसिपल डॉ. रश्मि विज ने भी कार्तिक की मेहनत और रचनात्मक सोच की सराहना की। कार्तिक के इस स्मार्ट ब्रश में इंटरनल वॉटर जेट डेंटल फ्लॉसर लगाया गया है, जो यात्रा के दौरान काफी उपयोगी हो सकता है। उन्होंने इसमें वॉटर फ्लॉसर और मोटर जैसी सुविधाएं भी जोड़ी थीं। उनके एक मॉडल में टूथपेस्ट भी ब्रश के अंदर ही इनबिल्ट था। उन्होंने एक ट्रैवलिंग किट भी बनाई थी, जिसमें ब्रश करने के बाद कुल्ला और सफाई की सुविधा का खास सिस्टम रखा गया था।

   

सम्बंधित खबर