जालंधर | एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स पंजाब की जालंधर रेंज टीम ने नशे के खिलाफ अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने थाना बिलागा के अंतर्गत दाना मंडी माऊ साहिब गुरुद्वारा क्षेत्र से एक कथित नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गुरविंदर सिंह उर्फ गोरी (निवासी गांव मद्देपुर, लुधियाना) के रूप में हुई है, जिसके कब्जे से 512 ग्राम (आधा किलो से अधिक) हेरोइन बरामद की गई है। यह कार्रवाई एडीजीपी निलाभ किशोर, एआईजी जगजीत सिंह सरोआ और डीएसपी जगीर सिंह के नेतृत्व में की गई। एआईजी सरोआ के अनुसार, एएसआई कुलदीप सिंह ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

