एकलव्य स्कूल में मेधावी छात्र सम्मानित

भास्कर न्यूज | जालंधर एकलव्य स्कूल का स्थापना दिवस स्कूल परिसर में उत्साह और भव्यता के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत छात्रों के प्रेरणादायक भाषणों और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुई। समारोह में कक्षा 9 की छात्रा शगुन मोहन ने संस्थान के मूल्यों पर प्रकाश डाला। शिक्षक गौरव मेहंदीरत्ता (पीजीटी भौतिकी) ने चेयरमैन जेके. गुप्ता के दृष्टिकोण और शिक्षिका सुनीता खन्ना (पीजीटी राजनीति विज्ञान) ने डायरेक्टर सीमा हांडा के योगदान के बारे में विचार साझा किए। समन्वयक रीता रानी और भावना भट्ट ने छात्रों को अनुशासित रहकर संस्थान की विरासत को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया। इस दौरान छात्राओं द्वारा प्रस्तुत मनमोहक नृत्य प्रदर्शन ने दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी। डायरेक्टर सीमा हांडा ने स्थापना दिवस पर शुभकामनाएं देते हुए कर्मचारियों के समर्पण की सराहना की और अभिभावकों के निरंतर विश्वास के लिए आभार व्यक्त किया। प्रधानाचार्य चंद्रलेखा बजाज ने कहा कि स्कूल ने हमेशा सर्वांगीण विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर ध्यान केंद्रित किया है। मैनेजर पूजा पुरी ने टीम वर्क की सराहना करते हुए छात्रों को शैक्षणिक और अन्य गतिविधियों में सक्रिय रहने की सीख दी। समारोह के दौरान कक्षा 11 के मेधावी छात्रों को कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए नकद छात्रवृत्ति देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में जसलीन कौर अथवाल (92.2%), हरसिमरन कौर सिद्धू (90%), दिव्यांशी मेहमी (87%) और जसमीत सिंह (86.4%) शामिल रहे। यह कार्यक्रम हर्षोल्लास और तालियों की गड़गड़ाहट के साथ संपन्न हुआ।

   

सम्बंधित खबर