एडवोकेट और फोटो ठेकेदार के बीच हाथापाई

भास्कर न्यूज | जालंधर शुक्रवार को सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में दोपहर को एडवोकेट और फोटो ठेकेदार के बीच हाथापाई हुई, जिसे मौके पर ही सिक्योरिटी गार्ड व स्थानीय लोगों की तरफ से बीच बचाव कर रोक दिया गया। फोटो ठेकेदार की तरफ से सब-रजिस्ट्रार को शिकायत दर्ज करवाई गई है, जबकि एडवोकेट पक्ष की तरफ से पुलिस को शिकायत दी गई है। पोलरॉइड फोटोग्राफी के टेंडर होल्डर राम लुभाया ने शिकायत में जातिसूचक टिप्पणी, धमकियां और मारपीट के आरोप लगाए हैं। शिकायत में सीसीटीवी फुटेज चेक कर कार्रवाई की मांग की गई है। राम लुभाया निवासी गांव रेरू ने शिकायत में बताया कि उसने 2026-27 के लिए फोटोग्राफी का टेंडर लिया है। दोपहर करीब 12:30 बजे एडवोकेट अपने क्लाइंट के दस्तावेज रजिस्टर करवाने सब-रजिस्ट्रार-1 कार्यालय पहुंचे। दस्तावेजों के लिए फोटो खींचे जाने के बाद उनसे दो कॉपियों के 200 रुपए फोटो चार्ज मांगे, जो डीसी जालंधर द्वारा तय फीस के अनुसार थे। आरोप है कि उन्होंने पैसे देने से इनकार कर दिया और भविष्य में भी उनसे फोटो चार्ज ना मांगने की धमकी दी। राम लुभाया ने यह भी आरोप लगाया कि बाद में एडवोकेट की तरफ से उनकी टीम के सदस्य भवेश मेहरा के साथ मारपीट की। हालांकि इस पक्ष में एडवोकेट की तरफ से भी संबंधित थाने में लिखित शिकायत दी गई है। इस सारे मामले की सीसीटीवी फुटेज और मौजूदा वीडियो को देखने के बाद पुलिस भी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

   

सम्बंधित खबर