चुनमुन चौक पर दो कारों की भिड़ंत

भास्कर न्यूज | जालंधर शहर के व्यस्त चुनमुन चौक पर देर रात तेज रफ्तार में आ रही दो कारें आपस में बुरी तरह टकरा गईं। यह टक्कर इतनी भयानक थी कि महिंद्रा एक्स यूवी गाड़ी का एक्सल टूट गया और झटके के कारण कार के चारों एयरबैग तुरंत खुल गए। हालांकि, इस खौफनाक हादसे में एक बड़ी राहत यह रही कि दोनों ही गाड़ियों के चालकों को कोई खरोंच नहीं आई और एक बड़ा जानी नुकसान होने से टल गया। इस मार्ग से शहर के बाहर की तरफ ट्रैफिक निकलता है, इसलिए यहां वाहनों की गति अक्सर तेज होती है। मौके पर मौजूद चश्मदीद निखिल ने बताया कि घटना के समय चौक की मुख्य ट्रैफिक लाइटें और पीली ब्लिंकर लाइटें पूरी तरह से बंद पड़ी थीं। चौक पर अंधेरा होने की वजह से वाहन चालकों को न तो चौराहे का सही अंदाजा हुआ और न ही गाड़ियों की रफ्तार का पता चल सका, जिसका नतीजा इस भीषण टक्कर के रूप में निकला। हादसे का शिकार हुए जालंधर हाइट्स के रहने वाले नीरज कुमार ने बताया कि वह अपनी कार से अमरदास चौक की तरफ से आ रहे थे। जैसे ही वह चुनमुन चौक के पास पहुंचे, सामने से आ रही दूसरी गाड़ी की हेडलाइट की तेज रोशनी सीधे उनकी आंखों पर पड़ी और दोनों कारों की जोरदार भिड़ंत हो गई। दूसरी कार में डॉ. सैनी सवार थीं। गनीमत रही कि सही समय पर एयरबैग खुल गए, जिससे नीरज कुमार और डॉ. सैनी दोनों की जान बच गई। हादसे के बाद कुछ देर के लिए जाम भी लगा।

   

सम्बंधित खबर