कपूरथला में मां भद्रकाली मेले की विशाल शोभायात्रा निकली:हजारों श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर लगाए जयकारे, रास्ते भर लगे 100 से ज्यादा लंगर

कपूरथला में मां भद्रकाली के 79वें वार्षिक मेले के उपलक्ष्य में विशाल शोभायात्रा का आयोजन किया गया। इस दौरान हजारों भक्तों ने मां के ज्योति स्वरूप की पालकी पर पुष्प वर्षा की और जयकारे लगाए। शोभायात्रा मार्ग पर 100 से अधिक लंगर लगाए गए थे। यह शोभायात्रा मां दुर्गा मंडली मंदिर माता भद्रकाली वेलफेयर सोसाइटी द्वारा आयोजित की गई थी। प्राचीन श्री ब्रह्मकुंड मंदिर परिसर में विधिवत पूजा के बाद, मां के ज्योति स्वरूप की अध्यक्षता में बैंड बाजों और ढोल नगाड़ों की गूंज के साथ यात्रा आरंभ हुई। पंजाब सरकार ने माता भद्रकाली जी के ऐतिहासिक मेले (शेखूपुर) के अवसर पर बुधवार, 13 मई को कपूरथला सबडिवीजन में सभी सरकारी संस्थानों, निगमों, बोर्डों, शैक्षणिक संस्थानों और अन्य सरकारी संगठनों में स्थानीय अवकाश घोषित किया था। ब्रह्मकुंड मंदिर से शुरू हुई यात्रा भव्य शोभायात्रा ब्रह्मकुंड मंदिर से शुरू होकर जलौखाना, सदर बाजार, शिव मंदिर कचहरी चौक, सुल्तानपुर रोड से चार बत्ती चौक और मस्जिद चौक से पुरानी दाना मंडी होते हुए देर रात मां भद्रकाली मंदिर शेखूपुर में संपन्न हुई। इस दौरान विभिन्न देवी-देवताओं की सुंदर झांकियां भक्तों के लिए आकर्षण का केंद्र रहीं। शोभायात्रा में हजारों भक्तों की सुरक्षा के लिए पुलिस के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। शरारती तत्वों पर नजर रखने के लिए लगभग 50 पुलिसकर्मी सादी वर्दी में भी तैनात थे। पूरे शोभायात्रा मार्ग को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया था और कई जगह स्वागत द्वार लगाए गए थे, जिससे शहर का माहौल भक्तिमय हो गया था। बड़ी संख्या में श्रद्धालु नंगे पांव चलकर शोभायात्रा में शामिल हुए और मां भद्रकाली के मंदिर में होने वाले जगराते में भी हिस्सा लिया। श्रद्धालुओं ने लगाया था लंगर शोभायात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं द्वारा चना-पूरी, आलू-पूरी, जलेबियां, फास्ट फूड, फल, हलवा, खीर, चाय-पकौड़े सहित विभिन्न पकवानों के लंगर लगाए गए थे। जय मां भद्रकाली के 79वें वार्षिक मेले के उपलक्ष्य में निकाली गई शोभायात्रा व मेले में पहुंचने वाले हजारों भक्तों की सुरक्षा के लिए पुलिस जवान व अधिकारियों ने पुख्ता प्रबंध किये हुए है। तैनात किए गए पुलिस जवानों की कमान सभी थानों के इंचार्ज संभाले हुए थे। इसके अलावा मंदिर परिसर में मेला स्थल में कैमरे की तीसरी आंख भी पूरी तरह से निगरानी करेंगी। वही श्री दुर्गा मंडल मंदिर माता भद्रकाली वैलफेयर सोसायटी प्रधान पुरषोत्तम पासी ने बताया कि माता भद्रकाली जी का मेला 13 मई को धूमधाम व उत्साह से मनाया जाएगा।

   

सम्बंधित खबर