जगराओं में जाली नोट छापने वाले 2 गिरफ्तार:10 महीने से चल रहे थे फरार, अलग- अलग शहरों में करते थे सप्लाई
- Admin Admin
- Apr 24, 2025

पंजाब में जाली नोट सप्लाई करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को जगराओं पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी पिछले 10 महीनों से फरार चल रहे थे। पुलिस ने एक सूचना के आधार पर इन्हें गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सन्नी सिंह उर्फ सनी और किशन सिंह उर्फ प्रकाश उर्फ दीपू के रूप में हुई है। दोनों गिद्धड़बाहा के गांव साहिब चंद के रहने वाले हैं। थाना सिटी के एएसआई बलविंदर सिंह ने बताया कि 10 महीने पहले 2024 में पुलिस ने एक कार सवार युवक को पकड़ा था। उस समय आरोपी से 16 हजार 300 रुपए के जाली नोट बरामद हुए थे। इस मामले में पुलिस ने मनप्रीत सिंह निवासी गांव कोटभाई कोठे बालिया दाहनिया गिद्धड़बाहा, सन्नी और दीपू के खिलाफ मामला दर्ज किया था। मनप्रीत को उसी समय गिरफ्तार कर लिया गया था। सन्नी और किशन सिंह उर्फ दीपू फरार चल रहे थे। अब दोनों को भी गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया है। पुलिस ने आगे की पूछताछ शुरू कर दी है। यह था मामला पुलिस को सूचना मिली थी कि तीन युवक पंजाब के अलग-अलग शहरों में जाली नोट सप्लाई करते हैं। इस बार भी आरोपी गिद्धड़बाहा से लुधियाना, मुल्लापुर होते हुए जगराओं के अलीगढ़ रोड, कोठे खजूरा वाले रास्ते से रायकोट रोड की तरफ जा रहे थे। सूचना के अनुसार, उनके पास जाली नोट और नोट बनाने का सामान हो सकता था। पुलिस ने चुंगी नंबर पांच से कोठे खजूरा जाने वाले रास्ते पर नाकाबंदी कर कार को घेर लिया। इस दौरान एक आरोपी को पकड़ लिया गया। कार की तलाशी में 500, 200, 100 के कुल 16,300 के जाली नोट बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने साथी के साथ मिलकर जाली नोट सप्लाई करते थे और नोटों को छापकर चेक करने के लिए बाजार में चलाते थे। नोट छापने का काम मनप्रीत करता था। उसने यूट्यूब से जाली नोट बनाना और नोटों पर कलर मैचिंग करना सीखा था।