लुधियाना| प्रीत पैलेस के पास शुक्रवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर बेकाबू होकर सड़क पर खड़ी कई गाड़ियों में जा घुसी। हादसा करीब 3:15 बजे हुआ। इस दौरान एक राहगीर चमत्कारिक रूप से बच गया। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसकी फुटेज सामने आने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।जानकारी के अनुसार फॉर्च्यूनर तेज रफ्तार में आ रही थी। अचानक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद एसयूवी पहले रॉन्ग साइड से आ रही डस्टर कार से टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी आगे जाकर सड़क किनारे खड़ी नीले रंग की बलेनो और एक ब्रेजा में जा घुसी। हादसे के समय एक व्यक्ति घटनास्थल के बिल्कुल नजदीक खड़ा था, जो महज कुछ इंच की दूरी से गाड़ी की चपेट में आने से बच गया। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि यदि गाड़ी थोड़ा भी उसकी तरफ मुड़ जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर स्थिति संभाली। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ या फिर वाहन में किसी तकनीकी खराबी की वजह से चालक नियंत्रण खो बैठा।

