लुधियाना में कारोबारी से लूट की कोशिश नाकाम:पिस्टल देखते ही भागे संदिग्ध,पीड़ित बोला- शिकायत देने गया तो थाने का दरवाजा तक नहीं खोला
- DSS Admin
- May 21, 2026
लुधियाना में हौजरी कारोबारी से लूट की कोशिश का मामला सामने आया है। कारोबारी ने सूझबूझ दिखाते हुए अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकाल ली, जिसके बाद संदिग्ध युवक बहाना बनाकर मौके से फरार हो गए। पूरी घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। मामला थाना बस्ती जोधेवाल इलाके का है। ससुराल जालंधर से घर लौटा था पीड़ित पीड़ित कारोबारी मोहित ने बताया कि वह 17 मई की रात अपने ससुराल जालंधर से घर लौट रहा था। उसका घर गुरु विहार, हौजरी कॉम्प्लेक्स के नजदीक स्थित है। जैसे ही वह कॉलोनी के गेट के पास पहुंचा तो दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार संदिग्ध युवक वहां आ गए। मोहित के अनुसार दो युवक बाइक स्टार्ट कर खड़े रहे, जबकि दो युवक नीचे उतरकर उसकी तरफ आने लगे। उनके हावभाव और कपड़ों में छिपे सामान को देखकर उसे शक हुआ कि उनके पास धारदार हथियार हो सकते हैं। खतरा महसूस होते ही उसने तुरंत अपनी पिस्टल निकाल कर लोड कर ली। व्हाइट रोज फैक्ट्री का पता पूछने लगे संदिग्ध कारोबारी ने बताया कि पिस्टल देखते ही संदिग्ध युवक घबरा गए और उससे व्हाइट रोज फैक्ट्री का पता पूछने लगे। मोहित के मुताबिक युवकों की हालत ऐसी लग रही थी जैसे उन्होंने नशा किया हो। बाद में उसने व्हाइट रोज फैक्ट्री के मालिक से बात की तो पता चला कि संदिग्ध युवक वहां काम ही नहीं करते। पीड़ित ने आरोप लगाया कि घटना के तुरंत बाद वह शिकायत देने थाना बस्ती जोधेवाल पहुंचा, लेकिन काफी देर तक गेट खटखटाने के बावजूद किसी ने दरवाजा नहीं खोला।

