सामग्री : एक लीटर फुल क्रीम दूध, चार बड़े चम्मच चीनी, दो बड़े चम्मच कंडेंस्ड मिल्क (वैकल्पिक), आधा छोटा चम्मच इलायची पाउडर, 8 से 10 कटे हुए बादाम और पिस्ता, एक कप फालूदा सेव, दो बड़े चम्मच गुलाब शरबत तथा आवश्यकतानुसार बर्फ के टुकड़े। कुल्फी बनाने की विधि : सबसे पहले दूध को एक भारी तले वाले बर्तन में डालकर मध्यम आंच पर उबालें। दूध को लगातार चलाते रहें और तब तक पकाएं जब तक वह लगभग आधा न रह जाए। अब इसमें चीनी, कंडेंस्ड मिल्क, इलायची पाउडर और सूखे मेवे डालकर अच्छी तरह मिलाएं। मिश्रण ठंडा होने पर इसे कुल्फी मोल्ड या छोटे कप में भरकर 6 से 8 घंटे के लिए फ्रीजर में रख दें। फालूदा तैयार करें : फालूदा सेव को पैकेट पर दिए गए निर्देशों के अनुसार उबाल लें। पकने के बाद ठंडे पानी से धोकर अलग रख दें ताकि सेव चिपके नहीं। सर्व करने का तरीका : एक लंबे गिलास में सबसे पहले थोड़ा गुलाब शरबत डालें। इसके ऊपर फालूदा सेव रखें। फिर तैयार कुल्फी को मोल्ड से निकालकर गिलास में रखें या छोटे टुकड़ों में काटकर डालें। ऊपर से कुछ सूखे मेवे और थोड़ा गुलाब शरबत डालकर सजाएं। लुधियाना|गर्मियों के मौसम में ठंडी और स्वादिष्ट चीजें खाने का मन हर किसी का करता है। ऐसे में कुल्फी फालूदा एक ऐसा लोकप्रिय डेजर्ट है जो बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आता है। अच्छी बात यह है कि इसे घर पर भी आसानी से तैयार किया जा सकता है। थोड़ी सी मेहनत और कुछ सामान्य सामग्री के साथ बाजार जैसा स्वाद घर में ही पाया जा सकता है।

