लुधियाना| मौसम के मिजाज में उतार-चढ़ाव का दौर जारी रहा। शुक्रवार सुबह से ही तेज धूप ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया, जिसके चलते लोग उमसभरी गर्मी और चिलचिलाती धूप से बेहाल नजर आए। हालांकि, दोपहर के समय मौसम ने करवट ली और आसमान में कुछ देर के लिए बादलों ने डेरा डाल लिया। बादलों की इस लुकाछिपी का सीधा असर तापमान पर भी देखने को मिला। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार को अधिकतम तापमान में 1.6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई, जिससे पारा 36.8 डिग्री पर सिमट गया। यह सामान्य से 2.0 डिग्री कम रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान में भी 0.2 डिग्री की मामूली गिरावट आई और यह 19.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य तापमान से 3.6 डिग्री कम है। कुल मिलाकर, दोपहर की हल्की राहत के बावजूद दिनभर उमस ने लोगों को परेशान किया। 5 दिनों में पारा 3-4 डिग्री बढ़ेगा: -16 मई के आसपास दक्षिण-पश्चिम मानसून की सक्रियता बढ़ने की उम्मीद है। हालांकि, उत्तर भारत में दो वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होने के बावजूद राहत के संकेत कम हैं। अगले पांच दिनों में तापमान में 3-4 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। 17 से 21 मई तक भीषण हीट वेव चलने की प्रबल संभावना है।

