मोगा में मजदूरी के पैसे मांगने पर मिस्त्री की हत्या:ठेकेदार ने लकड़ी के गज और फट्टे से किया हमला, पुलिस जांच में जुटी

मोगा जिले के गांव रणसीह कलां में मजदूरी के पैसे मांगने को लेकर हुए विवाद में एक ठेकेदार ने मिस्त्री की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी ठेकेदार को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। थाना निहाल सिंह वाला के मुख्य अधिकारी इंस्पेक्टर जतिंदर सिंह ने बताया कि मृतक हरजिंदर सिंह (40) और उसका बेटा मनिंदर सिंह, ठेकेदार गुरमीत सिंह उर्फ गोरा निवासी बाघा पुराना के अधीन निहाल सिंह वाला में निर्माण कार्य करते थे। मृतक की पत्नी किरणजीत कौर के अनुसार, ठेकेदार उनके बेटे को कम मजदूरी देता था और पैसों को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। पैसे मांगने पर गुस्सा झगड़ा करने लगा आरोपी किरणजीत कौर ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 11 मई को जब उनके पति हरजिंदर सिंह ने ठेकेदार से मजदूरी के पैसे मांगे, तो आरोपी गुरमीत सिंह गुस्से में आ गया और झगड़ा करने लगा। इसी दौरान, गुरमीत सिंह ने जान से मारने की नीयत से पहले हरजिंदर सिंह के सिर पर लकड़ी का गज मारा और फिर लकड़ी के फट्टे से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से हरजिंदर सिंह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े। परिजनों ने घायल हरजिंदर सिंह को सिविल अस्पताल मोगा पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। इलाज के दौरान हरजिंदर सिंह ने दम तोड़ दिया। इंस्पेक्टर जतिंदर सिंह ने पुष्टि की कि किरणजीत कौर के बयानों के आधार पर ठेकेदार गुरमीत सिंह उर्फ गोरा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मामले की आगे की जांच जारी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

   

सम्बंधित खबर