मोगा सिविल अस्पताल में दो पक्षों में चले ईंट-पत्थर:महिला सहित 8-9 लोग घायल, दो की हालत गंभीर, गलत टिप्पणी पर शुरू हुआ विवाद

मोगा के मथुरा दास सिविल अस्पताल परिसर में गुरुवार सुबह उस समय युद्ध का मैदान बन गया, जब पुरानी रंजिश और गलत टिप्पणियों को लेकर दो गुट आपस में भिड़ गए। इलाज कराने अस्पताल पहुंचे दोनों पक्षों के लोगों ने पार्किंग के पास एक-दूसरे पर जमकर ईंट-पत्थर बरसाए। इस हिंसक झड़प से अस्पताल में मौजूद मरीजों, उनके तीमारदारों और डॉक्टरों में दहशत फैल गई। हंगामे के दौरान पार्किंग में खड़ी एक डॉक्टर की गाड़ी सहित अन्य वाहनों के शीशे चकनाचूर हो गए। इस पूरी घटना में दोनों पक्षों के करीब 8 से 9 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर बनी हुई है। यह पूरी वारदात अस्पताल में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में कैद हो गई है। एक दूसरे पर गलत टिप्पणी से शुरू हुआ विवाद मिली जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत गुरुवार सुबह करीब 9 बजे मोगा के बुक्कनवाला रोड इलाके में हुई थी। यहाँ पड़ोस में रहने वाले दो पक्षों के बीच एक-दूसरे पर गलत टिप्पणी करने और गाली-गलौज को लेकर तीखी बहस शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। सूचना मिलते ही पहले 112 नंबर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कराया। अस्पताल पहुंचे तो फिर आमने-सामने हुए गुट शुरुआती झगड़े में घायल हुए दोनों पक्षों के लोग इलाज के लिए सिविल अस्पताल पहुंचे थे। लेकिन जैसे ही वे अस्पताल की पार्किंग के पास दोबारा आमने-सामने आए, उनका गुस्सा फिर भड़क गया। दोनों गुटों ने बिना किसी खौफ के अस्पताल परिसर में ही पड़े ईंट-पत्थर उठाकर एक-दूसरे पर फेंकने शुरू कर दिए। इस अप्रत्याशित पथराव के कारण अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लगाए गंभीर आरोप एक पक्ष की घायल महिला लक्ष्मी ने आरोप लगाया कि उनके पड़ोसी अक्सर उन पर और उनके परिवार पर गलत टिप्पणियां करते थे। आज सुबह जब वे इस संबंध में बात करने गए, तो उनके पति और पिता पर जानलेवा हमला कर दिया गया। जब वे इलाज के लिए अस्पताल आए, तो दूसरे पक्ष ने यहाँ भी उन पर हमला कर दिया। दूसरे पक्ष के घायल बेअंत सिंह का कहना है कि उनके पड़ोसी अक्सर गाली-गलौज करते हैं और उनके घर की महिलाओं पर भद्दे कमेंट्स करते हैं। इसी बात को लेकर आज विवाद हुआ और उन पर हमला किया गया। अस्पताल पहुंचने पर उन पर दोबारा पथराव किया गया।इस झड़प में प्रदीप सिंह, लखविंदर सिंह, बेअंत सिंह, रोशन सिंह, गुरचरण सिंह, सुखविंदर सिंह, निर्मल सिंह और लखविंदर कौर सहित कई लोग घायल हुए हैं। दो घायलों की हालत गंभीर है डॉ. कुलदीप कुमार मोगा सिविल अस्पताल के डॉक्टर कुलदीप कुमार ने बताया कि अस्पताल परिसर के बाहर दो पक्षों के बीच हुई इस हिंसक लड़ाई में 8 से 9 लोग घायल होकर इमरजेंसी में आए हैं। सभी का इलाज शुरू कर दिया गया है, लेकिन इनमें से दो लोगों की हालत काफी गंभीर बनी हुई है। सीसीटीवी फुटेज कब्जे में, होगी सख्त कार्रवाई पुलिस घटना की भनक लगते ही पीसीआर (PCR) टीम और सिटी साउथ थाना पुलिस भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अस्पताल में घायलों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को कब्जे में ले लिया गया है। जांच पूरी होने के बाद कानून हाथ में लेने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

   

सम्बंधित खबर