मोगा में दो युवकों पर जानलेवा हमला:पुरानी रंजिश में वारदात, हथियार के साथ थे आरोपी; पुलिस जांच में जुटी
- DSS Admin
- May 11, 2026
मोगा में पुरानी रंजिश के चलते हथियारबंद युवकों ने संदीप सिंह उर्फ सीपू और उनके दोस्त शमशेर सिंह उर्फ साहिल पर जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। दोनों घायलों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल मोगा में भर्ती कराया गया है। इस संबंध में थाना सिटी साउथ पुलिस मोगा ने संदीप सिंह उर्फ सीपू के बयानों के आधार पर शुभम कुमार (निवासी सेखां वाला चौक पट्टी उसंग), ध्रुव (निवासी पहाड़ा सिंह चौक), रुद्र (निवासी पहाड़ा सिंह चौक मोगा), हरगुण सिंह और टिम्मी (निवासी रामगंज मोगा) के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी गुरविंदर भुल्लर ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि मामले की जांच सहायक थाना प्रभारी रछपाल सिंह कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर विवाद चल रहा था। पीड़ित बोला- जान से मारने की नीयत से हुआ हमला संदीप सिंह उर्फ सीपू ने अपने बयान में बताया कि बीते दिन वह अपने दोस्त शमशेर सिंह उर्फ साहिल (निवासी अकालसर गुरुद्वारा साहिब के पास गली) के साथ घूम रहे थे। तभी कथित आरोपी, जो हथियारों से लैस थे, ने जान से मारने की नीयत से उन पर हमला कर दिया और धमकियां भी दीं। हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर मचाने पर हमलावर मौके से फरार हो गए। जांच अधिकारी ने बताया कि शुभम कुमार, ध्रुव और रुद्र को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उनके दो अन्य साथियों की गिरफ्तारी अभी बाकी है। पुलिस मामले की गहन जांच कर सच्चाई का पता लगाने में जुटी हुई है।

