मोगा में दो नशा तस्कर गिरफ्तार:पुलिस ने 110 ग्राम हेरोइन बरामद किए; दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी

पंजाब सरकार और पुलिस विभाग द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मोगा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से कुल 110 ग्राम हेरोइन बरामद की। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पहला मामला थाना सिटी मोगा से संबंधित है। 10 मई 2026 को शाम करीब 6:55 बजे एम.पी. बस्ती लंडेके क्षेत्र में गश्त के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली। इस सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कबीर सिंह उर्फ शिवा पुत्र राजा सिंह, निवासी मोहल्ला बेरियां वाला, वार्ड नंबर 38, मोगा को गिरफ्तार किया। उसकी तलाशी लेने पर 100 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। दूसरे मामले में 10 ग्राम हेरोइन बरामद इसी प्रकार, दूसरे मामले में थाना कोट ईसे खां पुलिस ने 10 मई की रात करीब 10:20 बजे गांव दोलेवाला के पास गश्त के दौरान निर्मल सिंह पुत्र मुख्तियार सिंह, निवासी गांव जलालवाला, जिला फिरोजपुर को पकड़ा। पुलिस द्वारा उसकी तलाशी लेने पर 10 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इस कार्रवाई का नेतृत्व सहायक थाना प्रभारी जगमोहन सिंह ने किया। मोगा पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस दोनों गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि नशा सप्लाई से जुड़े अन्य व्यक्तियों और नेटवर्क का पता लगाया जा सके।

   

सम्बंधित खबर