मोगा में बिना लाइसेंस बीज बेचने वाले डीलर पर केस:कृषि मंत्री के आदेश बाद FIR, विभाग पर तीन दिन दबाने के आरोप लगे
- DSS Admin
- May 23, 2026
मोगा में बिना लाइसेंस बीज बेचने वाले एक डीलर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई कृषि मंत्री के हस्तक्षेप के बाद हुई, जबकि कृषि विभाग के अधिकारी कथित तौर पर तीन दिनों तक मामले को दबाने का प्रयास करते रहे। मैसर्स मालेरकोटला सीड स्टोर के मालिक मोहम्मद रशीद पुत्र मोहम्मद हनीफ निवासी मालेरकोटला पर कृषि विकास अधिकारी डॉ. यशप्रीत कौर के बयानों के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। जानकारी के अनुसार, 18 मई को सहायक कृषि अधिकारी डॉ. जसवीर कौर के नेतृत्व में कृषि विभाग की एक टीम ने उक्त दुकान पर छापा मारा था। सूत्रों के मुताबिक, इस दौरान डीलर और छापेमारी टीम के बीच कथित तौर पर कहासुनी भी हुई थी, जिसके बाद टीम ने अपनी कार्रवाई पूरी की। कृषिमंत्री के आदेश पर FIR दर्ज छापेमारी के बाद मोगा स्थित कृषि विभाग के अधिकारी कथित तौर पर तीन दिनों तक इस मामले को रफा-दफा करने में लगे रहे, जिससे कोई कार्रवाई नहीं हो सकी। सूत्रों ने बताया कि जिला कृषि प्रभारी द्वारा मामले को हरी झंडी न दिए जाने के बाद यह मामला सीधे कृषि मंत्री तक पहुंचा। कृषि मंत्री के आदेशों के बाद, गत शाम सिटी साउथ थाने में डॉ. यशप्रीत कौर के बयानों पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। मामले की जांच कर रहे सब-इंस्पेक्टर कमलप्रीत सिंह ने बताया कि कथित आरोपी की गिरफ्तारी अभी बाकी है और आगे की जांच जारी है। कृषि विभाग ने दुकान को सील कर दिया है।

