मोगा में हमलावरों ने सब्जी विक्रेताओं को पीटा:गाड़ी टकराने के बाद हुआ विवाद; डीएसपी बोले-हमलावरों की पहचान कर ली
- DSS Admin
- May 22, 2026
मोगा जिले के कस्बा निहाल सिंह वाला की नई अनाज मंडी में एक सब्जी विक्रेता की दुकानों पर काम करने वाले मजदूरों पर हमला किया गया है। करीब 15 हमलावर 5 बाइकों पर सवार होकर आए थे, जिन्होंने घातक हथियारों से यह हमला किया। जिससे 3 लोग घायल हो गए। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। सब्जी विक्रेता विक्की ने बताया कि यह घटना 20 मई की देर रात 11 बजे हुई। उनके मजदूरों ने फोन कर बताया कि अज्ञात व्यक्तियों ने उन पर घातक हथियारों से हमला किया है और मारपीट कर रहे हैं। विक्की तुरंत कुछ लोगों के साथ दाना मंडी पहुंचे और हमलावरों को खदेड़ा। वे गांव रणसीह कलां और पत्तो हीरा सिंह की भाग गए। सब्जी विक्रेताओं ने दुकाने बंद रखी इस हमले में मजदूर अनूप, बलराम और बिट्टू घायल हो गए, जिन्हें मोगा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना थाना निहाल सिंह वाला को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। इस घटना के विरोध में, सभी सब्जी विक्रेताओं ने पुरानी और नई अनाज मंडी की अपनी दुकानें बंद रखीं। उन्होंने हमलावरों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। डीएसपी बोले- हमलावरों की पहचान कर ली गई डीएसपी निहाल सिंह वाला अनवर अली ने बताया कि हमलावरों की पहचान कर ली गई है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि हमलावर कबड्डी खिलाड़ी हैं, जिनकी बाइक में एक गाड़ी टकरा गई थी। इसके बाद उन्होंने उस गाड़ी का पीछा किया, जो सब्जी मंडी निहाल सिंह वाला के अंदर चली गई। वहां हमलावरों ने सब्जी विक्रेताओं से गाड़ी के बारे में पूछताछ की, जिसके दौरान कहासुनी हो गई और बाद में मामला बढ़ गया।

