मतगणना प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से करवाया जाए संपन्न
- DSS Admin
- May 23, 2026
मंडी, 23 मई (हि.स.)। नगर निगम मंडी चुनावों की मतगणना को लेकर आज डीआरडीए सम्मेलन कक्ष में विस्तृत रिहर्सल आयोजित की गई। आगामी मतगणना प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के उद्देश्य से आयोजित इस रिहर्सल की अध्यक्षता सहायक रिटर्निंग अधिकारी रूपिंदर कौर ने की। रिहर्सल के दौरान मतगणना कार्य में नियुक्त सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मतगणना से संबंधित महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। इस अवसर पर मतगणना टेबल की व्यवस्था, ईवीएम एवं आवश्यक अभिलेखों के रखरखाव, मतों की गणना, परिणाम संकलन तथा सुरक्षा व्यवस्था सहित विभिन्न पहलुओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं सावधानियों से भी सभी को अवगत करवाया गया।
मुख्य प्रशिक्षक विजय शर्मा तथा डॉ. कर्म सिंह ठाकुर ने मतगणना की चरणबद्ध प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की। मतगणना के दौरान पारदर्शिता, समयबद्धता तथा समन्वय बनाए रखने पर विशेष बल दिया। इसके अतिरिक्त विभिन्न परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं का व्यावहारिक अभ्यास 29 मई को रखा गया है ताकि मतगणना दिवस पर किसी प्रकार की कठिनाई उत्पन्न न हो। रिहर्सल के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों की शंकाओं का समाधान किया गया तथा उन्हें उनकी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में मतगणना कार्य से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
---------------

