प्रेमिका के पति की धमकी से युवक ने की सुसाइड:मोगा में पेड़ से लटका मिला शव, दो लोगों के खिलाफ केस, एक गिरफ्तार

समालसर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव लंडे में एक 33 वर्षीय युवक द्वारा मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या करने का दुखद मामला सामने आया है। मृतक की पहचान मनप्रीत सिंह के रूप में हुई है, जिसका शव गांव के सरकारी प्राइमरी स्कूल में एक पेड़ से लटका हुआ मिला। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। परिजनों ने लगाया धमकियों का आरोप मृतक के पिता टेक सिंह ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि मनप्रीत 7 मई की शाम को घर से निकला था, लेकिन रात भर वापस नहीं लौटा। अगली सुबह उसका शव स्कूल के पास पेड़ से लटका मिला। पिता का आरोप है कि गांव के ही जसपाल सिंह उर्फ काली की पत्नी के साथ मनप्रीत के कथित संबंध थे। इसी रंजिश के चलते जसपाल सिंह और उसका साथी लवप्रीत सिंह उर्फ लब्बी मनप्रीत को लगातार जान से मारने की धमकियां दे रहे थे और उसे बुरी तरह परेशान कर रहे थे। पुलिस की कार्रवाई और एक आरोपी गिरफ्तार घटना की सूचना मिलते ही समालसर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। सहायक थानेदार मनप्रीत कौर ने बताया कि पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर जसपाल सिंह उर्फ काली और लवप्रीत सिंह उर्फ लब्बी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने (IPC 306) का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी जसपाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों के हवाले कर दिया है। जांच अधिकारी ने स्पष्ट किया कि मामले के दूसरे आरोपी लवप्रीत सिंह की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने यह भी आश्वासन दिया है कि यदि जांच के दौरान इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता पाई जाती है, तो उसके विरुद्ध भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में सनसनी का माहौल इस घटना के बाद गांव लंडे और आसपास के क्षेत्र में शोक और सनसनी का माहौल है। युवक की मौत से परिवार का बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस कॉल रिकॉर्ड्स और अन्य सबूतों के आधार पर धमकियों और प्रताड़ना के दावों की गंभीरता से तफ्तीश कर रही है।

   

सम्बंधित खबर