मोहाली में राजस्थान की युवती से गैंगरेप:नौकरी दिलाने के बहाने फ्लैट में ले गया आरोपी, कोल्ड ड्रिंक पिलाकर किया बेहोश
- DSS Admin
- May 12, 2026
मोहाली के थाना सदर खरड़ पुलिस ने एक युवती की शिकायत पर दो युवकों के खिलाफ गैंगरेप का मामला दर्ज किया है। आरोप लगाया है कि उसे नौकरी और किराये के फ्लैट का झांसा देकर एक फ्लैट में ले जाया गया, जहां उसके साथ गैंगरेप हुआ। पीड़िता राजस्थान की रहने वाली है और ब्यूटी पार्लर का काम करती है। उसके पिता बीमार रहते हैं। वर्ष 2024 में वह चंडीगढ़ आई थी, जहां उसकी पहचान मोहाली निवासी एक युवती से हुई थी। 4 मई 2026 को वह अपनी बड़ी बहन के साथ काम की तलाश में मोहाली दोस्त के पास आई थी। जिसने बताया कि खरड़ में किराये के मकान सस्ते हैं और नौकरी आसानी से मिल सकती है। किराये के मकान की तलाश में पहुंची थी युवती 6 मई 2026 को दोपहर करीब 2 बजे पीड़िता खरड़ में नौकरी और किराये के मकान की तलाश में पहुंची। शाम करीब 6 बजे वह सेक्टर 124 में खड़ी थी, तभी एक बाइक सवार युवक वहां आया और उससे बातचीत शुरू की। युवक ने अपना नाम अशोक बताया। युवती ने उसे बताया कि वह काम की तलाश में है, जिसके बाद दोनों ने मोबाइल नंबरों का आदान-प्रदान किया। अशोक ने उसे नौकरी व फ्लैट दिलाने का आश्वासन दिया। अशोक उसे अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर अमेजन सिटी, खरड़ स्थित अपने फ्लैट में ले गया। वहां उसका दोस्त जय सिंह पहले से मौजूद था। फ्लैट में अशोक ने युवती को कोल्ड ड्रिंक दी, जिसे पीने के बाद वह बेहोश हो गई। 7 मई की सुबह जब उठी तो उसे अपने शरीर में दर्द था और उसके कपड़े उतरे हुए थे। बहाना बनाकर निकली युवती घर में जय सिंह मौजूद था और कुछ देर बाद अशोक भी वहां आ गया। पीड़िता का आरोप है कि अशोक और जय सिंह ने उसकी इच्छा के विरुद्ध उसे अगली पूरी रात भी फ्लैट में रखा और उसके साथ गैंगरेप किया। 8 मई को सुबह करीब 10 बजे युवती ने अपनी बहन को फोन कर पूरी घटना बताई। वह मां की बीमारी का बहाना बनाकर आरोपियों के चंगुल से निकली। रैपिडो के जरिए वह दोपहर करीब 1 बजे मोहाली स्थित अपनी बहन के पास पहुंची और पुलिस को शिकायत दर्ज कराई।

