बटाला में ज़मीनी विवाद ने लिया खूनी रूप:सगी चाची, 12 साल के भाई और दोस्त का कत्ल कर खुद को मारी गोली, गांव में फैली दहशत

बटाला के थाना सेखवां के अंतर्गत आने वाले गांव 'मुंडी कराल' मंगलवार की देर रात गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। जहां ज़मीनी विवाद में एक युवक ने अंधाधुंध फायरिंग कर अपनी चाची और नाबालिग चचेरे भाई को मौत के घाट उतार दिया। यही नहीं आरोपी ने उसे रोकने के लिए आगे आए अपने ही फौजी दोस्त को गोली मार दी और इसके तुरंत बाद आरोपी ने खुद को भी गोली मार आत्महत्या कर ली। इस खूनी संघर्ष ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस ने मौके पर पहुंच जांच शुरू कर दी है। घटना मंगलवार रात 11 बजे के आसपास बताई जा रही है। सिर पर सवार था खून: बीच-बचाव करने आए फौजी दोस्त को भी भून डाला पुलिस की प्राथमिक जांच में जो सच सामने आया है, वह रूह कंपा देने वाला है। गांव मुंडी कराल में रहने वाले मनजोत सिंह नाम के युवक का अपने ही परिवार से जमीन को लेकर झगड़ा चल रहा था। देर रात यह विवाद इतना बढ़ गया कि मनजोत अपना आपा खो बैठा और उसने घर में रखी बंदूक उठा ली। अपनों पर बरसाईं गोलियां: मनजोत ने सबसे पहले अपनी सगी चाची हरजीत कौर पर गोलियां चलाईं। इसके बाद उसने बेरहमी से अपने महज़ 12 साल के मासूम चचेरे भाई हरी अमृतपाल सिंह को भी गोली मार दी। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। दोस्त को भी नहीं बख्शा: चीख-पुकार सुनकर मनजोत का दोस्त परगट सिंह (जो भारतीय सेना में फौजी बताया जा रहा है) उसे रोकने के लिए बीच में आया। लेकिन सनकी कातिल ने उसे भी नहीं बख्शा और छाती में गोली मारकर उसकी भी हत्या कर दी। खुद को भी उड़ाया: तीन कत्ल करने के बाद आरोपी मनजोत सिंह अपने घर की रसोई में गया और वहां खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मौके पर पहुंचे आला अफसर, जांच में जुटी पुलिस इस सामूहिक हत्याकांड की खबर मिलते ही बटाला पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। डीएसपी सिटी सुखिंदर सिंह और थाना सेखवां के प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। कत्ल के तरीके और सबूतों को इकट्ठा करने के लिए स्पेशल फॉरेंसिक टीम बुलाई गई है। पुलिस हर उस एंगल को खंगाल रही है जिसकी वजह से यह खूनी खेल खेला गया। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल बटाला के डैड हाउस (शवगृह) में रखवा दिया है। आज शवों का पोस्टमार्टम किया जाएगा। फिलहाल गांव में तनाव और दहशत का माहौल है, जिसके मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से बारीक छानबीन की जा रही है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस की कार्रवाई जारी थी। पुलिस ने चारों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल बटाला के शवगृह में रखवा दिया है। इस वारदात के बाद से पूरे गांव में मातम और दहशत का माहौल बना हुआ है।

   

सम्बंधित खबर