पठानकोट में NHM कर्मचारियों की हड़ताल जारी:66 आयुष्मान केंद्रों की सेवाएं प्रभावित, सरकार का पुतला फूंककर किया प्रदर्शन
- Neha Gupta
- Jun 27, 2026
पठानकोट में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के कर्मचारियों की हड़ताल जारी है, जिससे जिले के 66 आयुष्मान आरोग्य केंद्रों में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हुई हैं। मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर सिविल सर्जन कार्यालय के बाहर पंजाब सरकार का पुतला फूंका और जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पिछले चार वर्षों से सरकार केवल आश्वासन दे रही है, लेकिन उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। कर्मचारियों का कहना है कि समान कार्य के बावजूद उन्हें समान वेतन नहीं मिल रहा है और उन पर लगातार काम का बोझ बढ़ाया जा रहा है। एनएचएम कर्मचारी नेताओं ने बताया कि वर्ष 2022 में सत्ता में आने से पहले आम आदमी पार्टी सरकार ने एनएचएम कर्मचारियों को नियमित करने का वादा किया था। हालांकि, चार वर्ष बीत जाने के बाद भी न तो कर्मचारियों को नियमित किया गया है और न ही उनके वेतन में कोई वृद्धि हुई है। कर्मचारी बोले- समान वेतन लागू करे सरकार कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में समान काम के लिए समान वेतन लागू करना, सभी कैडरों को नियमित करना और लॉयल्टी बोनस जारी करना शामिल है। यूनियन नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने जल्द उनकी मांगें नहीं मानीं तो हड़ताल 1 जुलाई तक जारी रहेगी। इसके बाद, 2 जुलाई को मुख्यमंत्री के आवासीय क्षेत्र संगरूर में राज्य स्तरीय विशाल धरना दिया जाएगा। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं के प्रभावित होने और मरीजों को हो रही परेशानियों की पूरी जिम्मेदारी पंजाब सरकार और स्वास्थ्य विभाग की होगी। इस अवसर पर डॉ. विमुक्त शर्मा, डॉ. गीता गुप्ता, डॉ. मोहित, डॉ. साहिल, डॉ. साम सिंह, गुरजीत कौर, डॉ. विनय कुमार, पंकज कुमार, डॉ. नेहा, डॉ. प्रियंका, डॉ. तन्वी शर्मा, डॉ. गौरव, डॉ. अनुपम, डॉ. अतुल, कोनिका, प्रेमजोत कौर, रुचिका, डॉ. मनजीत कौर सहित बड़ी संख्या में एनएचएम कर्मचारी उपस्थित रहे।

