पठानकोट नहर में मिला अज्ञात शव:5 से 7 दिन पुराना होने से पहचान मुश्किल, नहाते समय हादसे की आशंका, शिनाख्त के लिए प्रयास जारी

पठानकोट के गाँव कोठी पंडितां के पास यूबीडीसी (UBDC) नहर में आज एक अज्ञात व्यक्ति का शव उतराता हुआ मिलने से सनसनी फैल गई। सुबह करीब 9:30 बजे गाँव के निवासी एडवोकेट ऋषभ शर्मा जब अपने खेतों की ओर जा रहे थे, तो उन्होंने नहर के 15 नंबर पुल के पास एक शव फंसा हुआ देखा। शव की स्थिति अत्यधिक खराब होने के कारण उसकी पहचान कर पाना नामुमकिन था, जिसके बाद उन्होंने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। कंट्रोल रूम से मिली सूचना के आधार पर थाना प्रभारी विजय कुमार पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। प्राथमिक जांच के अनुसार, शव करीब 5 से 7 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। पानी के तेज बहाव और कई दिन पुराने होने के कारण मृतक के शरीर पर कपड़े नहीं बचे थे। पुलिस के मुताबिक, मृतक एक पुरुष है जिसकी अनुमानित उम्र 35 से 40 वर्ष के बीच है। अंदेशा जताया जा रहा है कि यह हादसा नहर में नहाते समय या उसे पार करते वक्त हुआ होगा। शिनाख्त के लिए 72 घंटे तक शव गृह में सुरक्षित स्थानीय पुलिस ने गाँव के नौजवानों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद शव को नहर से बाहर निकाला। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के वारिसों का पता लगाने और शिनाख्त के लिए शव को अगले 72 घंटों के लिए सिविल अस्पताल पठानकोट के शव गृह (डेड हाउस) में सुरक्षित रखवा दिया गया है। पुलिस ने इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

   

सम्बंधित खबर