ब्रिक्स संस्कृति कार्य समूह की दूसरी बैठक में भाग लेने के लिए सदस्य देशों के प्रतिनिधि वाराणसी पहुंचे
- DSS Admin
- Jun 03, 2026

—बाबतपुर एयरपोर्ट पर प्रतिनिधियों का भारतीय परम्परा के अनुसार गर्मजोशी से स्वागत
वाराणसी, 03 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में गुरूवार से आयोजित ब्रिक्स संस्कृति कार्य समूह (सीडब्ल्यूजी) की दूसरी बैठक में भाग लेने के लिए सभी सदस्य देशों के प्रतिनिधि बुधवार शाम से शहर में पहुंचने लगे है। बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतर राष्ट्रीय हवाईअड्डे पर आए देश-विदेश के वरिष्ठ राजनयिक, नीति-निर्माता, सांस्कृतिक विशेषज्ञों का काशी की परम्परा के अनुसार गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस दौरान सांस्कृतिक कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से उनका स्वागत करते रहे। बाबतपुर एयरपोर्ट से नदेसर स्थित तारांकित होटल तक मेहमानों को कड़ी सुरक्षा के बीच वाहनों के काफिले में पहुंचाया गया।
बताते चले भारत की अध्यक्षता में चार और पांच जून को वाराणसी में आयोजित ब्रिक्स संस्कृति कार्य समूह (सीडब्ल्यूजी) की दूसरी बैठक में समूह के सभी सदस्य देशों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। बैठक में ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका के साथ-साथ मिस्र, इथियोपिया, ईरान, संयुक्त अरब अमीरात और इंडोनेशिया के प्रतिनिधि भाग लेंगे। जिला प्रशासन के अफसरों के अनुसार, वाराणसी में होने जा रही यह बैठक भारत की सांस्कृतिक कूटनीति को मजबूती देने के साथ ही वैश्विक सांस्कृतिक सहयोग को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। बैठक में सांस्कृतिक सहयोग, विरासत संरक्षण, सांस्कृतिक आदान-प्रदान, संग्रहालयों, अभिलेखागार, साहित्य, कला एवं अन्य सांस्कृतिक क्षेत्रों में साझेदारी को मजबूत करने पर चर्चा होगी। खास यह है कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच यह बैठक बेहद महत्वपूर्ण है। इसमें ईरान और यूएई सहित सभी सदस्य देशों के प्रतिनिधि एक मंच पर मौजूद रहेंगे।

