पठानकोट में 2 नामांकन रद्द, 341 उम्मीदवार मैदान में डटे:निकाय चुनाव में आज नाम वापस लेने का आखिरी दिन, मिलेंगे चुनाव निशान, घर-घर पहुंच रहे उम्मीदवार

पठानकोट नगर निगम और सुजानपुर कौंसिल के चुनावों को लेकर उम्मीदवारों के नामांकन पत्रों की जांच की गई। जांच में कुल 341 उम्मीदवारों के पर्चे सही पाए गए, जबकि सिर्फ 2 उम्मीदवारों के फॉर्म रद्द हुए। आज यानी 19 मई को नाम वापस लेने का आखिरी दिन है। इसके बाद चुनाव मैदान में डटे उम्मीदवारों को उनके चुनाव चिह्न (सिंबल) बांट दिए जाएंगे। भाजपा ने अपने उम्मीदवारों की मदद के लिए वकीलों की पूरी टीम तैनात की थी, ताकि कोई गड़बड़ी न हो। हालांकि, मामूली गलतियों को शपथ पत्र (एफिडेविट) लेकर ठीक कर दिया गया और कोई बड़ा विवाद नहीं हुआ। पूजा-पाठ के साथ खुले चुनावी दफ्तर, प्रचार तेज चुनाव की तारीख नजदीक आते ही उम्मीदवारों ने अपना प्रचार तेज कर दिया है। कई उम्मीदवारों ने हवन और पूजा-पाठ करके अपने नए चुनावी दफ्तर खोले हैं। वार्ड नंबर 7, 9, 15, 49 और मिशन रोड पर कांग्रेस और भाजपा के उम्मीदवारों ने अपने दफ्तर खोलकर जनता से मिलना-जुलना शुरू कर दिया है। सोमवार को दिन भर वार्डों में ढोल की धमक के साथ उम्मीदवारों ने घर-घर जाकर जोर-शोर से प्रचार शुरू कर दिया। पार्टियों से नाराज 'बागी' नेता बने बड़ी मुसीबत कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के लिए उनके अपने ही पुराने नेता मुसीबत बन गए हैं। टिकट न मिलने से नाराज कई नेताओं ने अपनी पार्टी के खिलाफ जाकर आजाद उम्मीदवार के तौर पर पर्चा भर दिया है। वार्ड नंबर 1, 35 और 43 में टिकट न मिलने से नाराज नेता अब अपनी ही पार्टियों के सामने चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें पठानकोट के वार्ड 35 के अमित मिट्ठू भी शामिल हैं। जिन्होंने पार्टी पदाधिकारियों पर गंभीर आरोप भी लगाए। वहीं, सुजानपुर में भी पहले पार्टी को मजबूती देने वाले बाली दंपती अनुराधा बाली और महेंद्र बाली टिकट कटने के बाद अब आजाद उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतर चुके हैं। आजाद उम्मीदवारों को मनाने के लिए रिश्तेदारों का सहारा चुनाव मैदान में खड़े इन आजाद उम्मीदवारों को समझाने और उन्हें चुनाव से पीछे हटाने के लिए सभी पार्टियां पूरा जोर लगा रही हैं। इसके लिए दूर-दराज के रिश्तेदारों के जरिए दबाव बनाया जा रहा है और मिन्नतें की जा रही हैं। कुछ उम्मीदवारों को चुनाव के बाद पार्टी में बड़ा पद देने का लालच भी दिया जा रहा है ताकि वे अपना नाम वापस ले लें।

   

सम्बंधित खबर