पठानकोट में आउटसोर्स बिजली कर्मचारियों का हल्ला बोल:सरकार के खिलाफ झंडा मार्च निकाला; मांगों के समर्थन में आवाज की बुलंद

पठानकोट में पंजाब बिजली विभाग के आउटसोर्स कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर गुरुवार को रोष प्रदर्शन किया। 'पावरकॉम एंड ट्रांसको आउटसोर्स मुलाजिम तालमेल कमेटी' के आह्वान पर पूरे पंजाब में हुए प्रदर्शनों की कड़ी में पठानकोट में भी कर्मचारियों ने जिला प्रबंधकीय कॉम्प्लेक्स के बाहर सरकार और विभागीय प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने शहर में झंडा मार्च निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि सरकार और विभागीय प्रबंधन कर्मचारियों के साथ हुए लिखित समझौते को लागू करने में विफल रहे हैं। यूनियन नेताओं ने बताया कि आउटसोर्स कर्मचारी लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन उन्हें केवल आश्वासन ही मिल रहे हैं। नेताओं ने बताया कि इससे पहले कर्मचारियों ने पटियाला स्थित बिजली बोर्ड के मुख्य कार्यालय के बाहर धरना दिया था। इसके बाद 24 तारीख को बिजली मंत्री और विभागीय अधिकारियों के साथ एक बैठक हुई थी। इस बैठक में लिखित आश्वासन दिया गया था कि 1 तारीख को नोटिफिकेशन जारी कर सभी आउटसोर्स कर्मचारियों को विभाग में शामिल कर लिया जाएगा। हालांकि, तय समय पर प्रबंधन ने इस मामले को टाल दिया। यूनियन नेताओं ने कहा कि इसी वादाखिलाफी के विरोध में पूरे पंजाब के विभिन्न शहरों में झंडा मार्च निकाले जा रहे हैं। इसका उद्देश्य सरकार और विभागीय प्रबंधन की कार्यशैली को जनता के सामने लाना है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों को जल्द पूरा नहीं किया गया तो संघर्ष को और तेज किया जाएगा। पठानकोट में प्रदर्शन के बाद कर्मचारियों ने जिला प्रबंधकीय कॉम्प्लेक्स से शहर के विभिन्न हिस्सों तक रोष मार्च निकाला। इस दौरान उन्होंने अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।

   

सम्बंधित खबर