पठानकोट में नशा तस्करों के खिलाफ सड़कों पर उतरे लोग:सुजानपुर के वार्ड 14 में लोगों को प्रदर्शन, पार्षद बोले-वार्ड में नहीं चलने देंगे चिट्टे का धंधा

सुजानपुर के वार्ड नंबर 14 में कथित तौर पर सरेआम बिक रहे नशे और हुड़दंगियों से परेशान होकर अब वार्ड वासियों ने खुद मोर्चा संभाल लिया है। लोगों के मुताबिक सुजानपुर का श्मशान घाट रोड इलाका नशा तस्करों और नशेड़ियों का अड्डा बन चुका है। जिसके चलते लोगों खासकर वहां से गुजरने वाली महिलाओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को वार्ड पार्षद सलिंदर निक्का ने स्थानीय युवाओं को साथ लेकर नशा विरोधी मुहिम की शुरुआत की। इस दौरान पार्षद ने वार्ड के जिम्मेदार नागरिकों के साथ पंजाब पुलिस और प्रशासन के खिलाफ गहरा रोष व्यक्त किया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस ने मुस्तैदी नहीं दिखाई, तो वे अपने स्तर पर नशे के सौदागरों को सबक सिखाएंगे। माताओं-बहनों ने डर के मारे सैर करना छोड़ा निक्का ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि श्मशान घाट रोड पर नशेड़ियों और नशा तस्करों का जमावड़ा लगा रहता है। उन्होंने कहा, इस रोड पर माताएं, बहनें और बेटियां सुबह-शाम सैर करने आती थीं, लेकिन अब उन्होंने यहां आना बंद कर दिया है। श्मशान घाट के भीतर टोलियां बनाकर बैठे युवक खुलेआम चिट्टा और नशे की गोलियां बेचते व खाकर हुड़दंग मचाते हैं, जिन्हें किसी का डर नहीं है। मेडिकल स्टोरों और तस्करों के परिवारों को सीधी चेतावनी मुहिम की अगुवाई कर रहे निक्का ने नशा बेचने वालों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि वे अपने वार्ड में किसी भी कीमत पर नशा नहीं बिकने देंगे। उन्होंने कहा कि जो भी मेडिकल स्टोर अवैध रूप से नशे की गोलियां या दवाइयां बेच रहे हैं, वे तुरंत बाज आ जाएं। उन्होंने नशा करने या बेचने वाले युवकों के परिवारों से हाथ जोड़कर विनती है कि वे अपने बच्चों को रोकें। नशा एक हंसते-खेलते परिवार को बर्बाद कर देता है। पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप निक्का सहित वार्ड वासियों ने स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर बड़े सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले युवाओं की मदद से उन्होंने श्मशान घाट के पास से नशा करते और संदिग्ध सामान रखे कुछ युवकों को रंगे हाथों दबोचा था। पकड़े गए युवकों के पास से कैंची, प्लास, पेचकश, ब्लेड और नशे की गोलियां बरामद हुई थीं। वार्ड वासियों ने खुद जाकर इन्हें थाने में पुलिस के हवाले किया था। लेकिन, पुलिस ने अगली ही सुबह बिना सख्त कार्रवाई किए उन्हें छोड़ दिया। लोगों ने पूछा कि 'प्रशासन नशा रोकना चाहता है या खुद नशा तस्करों का साथ दे रहा है?' पुलिस से रात के समय गश्त बढ़ाने की मांग वार्ड वासियों ने पंजाब सरकार और स्थानीय थाना प्रभारी से मांग की है कि वार्ड नंबर 14 और पुल नंबर 5 से लेकर विशाल होटल और पुल नंबर 10 तक पुलिस की परमानेंट गश्त लगाई जाए। श्मशान घाट के आसपास रात के समय पुलिस की पीसीआर गाड़ी कम से कम एक चक्कर जरूर लगाए। पुलिस ना सतर्क हुई तो खुद सिखाएंगे सबक वार्ड वासियों ने साफ शब्दों में कहा कि सभी लोग फिलहाल पुलिस प्रशासन से सहयोग की अपील कर रहे हैं। अगर पुलिस ने नकेल नहीं कसी, तो वार्ड के युवाओं के सहयोग से नशेड़ियों और नशा तस्करों को खदेड़ेंगे और वार्ड को नशामुक्त बनाकर ही दम लेंगे। पुलिस करेगी सख्त कार्रवाई थाना सुजानपुर प्रभारी अरूण कालिया ने कहा कि इस मामले की जानकारी मिली है। पुलिस पहले से नशा तस्करों के खिलाफ बड़े स्तर पर अभियान चला रही है। बीती रात ही शमशानघाट रोड से एक युवक को हिरासत में लिया है। लोगों की मांग के मुताबिक पीसीआर लगाई जाएगी और नशेड़ियों व नशा तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

   

सम्बंधित खबर