समाना नगर पालिका चुनाव में बवाल:बूथ कैप्चरिंग के आरोपों के बीच पथराव-लाठीचार्ज, कई वार्डों में तनाव का माहौल
- DSS Admin
- May 26, 2026
पटियाला जिले के समाना शहर में बुधवार को नगर पालिका चुनाव के दौरान कई वार्डों में तनाव और झड़पें हुईं। वार्ड नंबर 15 में बूथ कैप्चरिंग के आरोपों के बाद पथराव और लाठीचार्ज भी हुआ। इस दौरान आम आदमी पार्टी और विरोधी दलों के समर्थक आपस में भिड़ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर भारी हंगामा हुआ। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मतदान प्रक्रिया कुछ देर के लिए बाधित हुई। सत्ता पक्ष पर बूथ कैप्चरिंग का आरोप विरोधी दलों के समर्थकों ने आरोप लगाया कि सत्ताधारी पक्ष के लोगों ने बाहर से समर्थकों को लाकर बूथ कैप्चरिंग का प्रयास किया। उन्होंने यह भी दावा किया कि शुरुआत में पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की, जिससे स्थिति और बिगड़ गई। घटना के बाद समाना शहर के कई वार्डों में तनाव बना हुआ है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और संवेदनशील इलाकों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है। वहीं, चुनावी हिंसा को लेकर राजनीतिक माहौल भी गरमा गया है।

