रोपड़-लापता युवक की दोस्तों ने की हत्या, 3 अरेस्ट:जंगल में सिर कटी और अधजली लाश मिली; नशा देकर मर्डर करने का आरोप
- Neha Gupta
- Jun 12, 2026
श्री चमकौर साहिब के डैहर गांव में एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। 1 जून से लापता युवक काका की उसके ही दोस्तों ने हत्या कर दी। पुलिस ने युवक का सिर कटा और अधजला शव भोजे माजरे के घने जंगलों से बरामद किया है। थाना प्रभारी गुरविंदर सिंह ढिल्लों ने बताया कि युवक की गुमशुदगी के बाद पुलिस लगातार जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को जंगल में एक शव होने की गुप्त सूचना मिली। मौके पर पहुंची टीम ने पाया कि शव लापता काका का था, जिसकी गर्दन धड़ से अलग की गई थी। नशीला पदार्थ देकर मौत के घाट उतारा पुलिस ने संदेह के आधार पर मृतक के 3 दोस्तों को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने काका को कोई नशीला पदार्थ देकर मौत के घाट उतारा था। वारदात को छिपाने के लिए उन्होंने शव को जंगल में फेंककर आग लगा दी थी। आरोपियों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने का केस मुख्य आरोपियों की पहचान रामगढ़ निवासी धर्म सिंह और डैहर निवासी इंद्रजीत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रोपड़ के सिविल अस्पताल भेज दिया है। आरोपियों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने की धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

