मेदिनीपुर मेडिकल कॉलेज में बच्चे के गलत इलाज का आरोप, अधीक्षक से शिकायत

मेदिनीपुर, 06 जून (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में एक बच्चे के गलत इलाज का आरोप सामने आया है। उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिजनों ने अस्पताल अधीक्षक को लिखित शिकायत सौंपी है।

जानकारी के अनुसार, खड़गपुर निवासी गणेश पिल्ले के पुत्र कृष्णा पिल्ले के पैर में खजूर के पेड़ का कांटा चुभ गया था। बाद में घाव में संक्रमण होने पर उसे इलाज के लिए मेदिनीपुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया।

परिजनों का आरोप है कि कांटा निकालने के लिए ऑपरेशन किया जाना था, लेकिन डॉक्टरों ने पैर के गलत हिस्से में सर्जरी कर दी। इससे बच्चे की समस्या दूर होने के बजाय और बढ़ गई। परिवार का यह भी आरोप है कि जब उन्होंने इस संबंध में सवाल उठाया तो कुछ डॉक्टरों और अस्पताल कर्मियों ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया। विरोध करने पर उन्हें धमकाने का भी आरोप लगाया गया है।

घटना के सामने आने के बाद शनिवार को अस्पताल के एक वरिष्ठ चिकित्सक ने परिजनों से मुलाकात कर मामले पर खेद व्यक्त किया और माफी मांगी, ऐसा परिवार का दावा है।

इस बीच, बच्चे के परिजनों ने पूरे मामले की जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए अस्पताल अधीक्षक को लिखित शिकायत सौंप दी है। अस्पताल प्रशासन ने शिकायत की जांच का आश्वासन दिया है।

---------------

   

सम्बंधित खबर