मुख्यमंत्री मान के गांव मोबाइल टावर पर चढ़े अध्यापक:संगरूर में पीटीआई का रोष, जॉइनिंग लेटर मिलने तक नीचे नहीं उतरने पर अड़े
- Neha Gupta
- Jun 15, 2026
संगरूर में मुख्यमंत्री भगवंत मान के पैतृक गांव सतोज में 646 बेरोजगार पीटीआई अध्यापकों ने अपनी मांगों को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। अध्यापकों का कहना है कि जब तक उन्हें नियुक्ति पत्र नहीं मिल जाते, वे टावर से नीचे नहीं उतरेंगे। प्रदर्शनकारी पीटीआई अध्यापकों ने आरोप लगाया कि उनसे पहले भी वादे किए गए थे। उन वादों पर भरोसा करके वे अपना संघर्ष खत्म कर चुके थे, लेकिन सरकार बनने के बाद उनकी मांगों का कोई समाधान नहीं निकला। अध्यापकों ने स्पष्ट किया कि वे अब किसी भी तरह के आश्वासन या गारंटी पर विश्वास नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि जब तक उनके हाथों में नियुक्ति पत्र नहीं दिए जाते, वे अपना विरोध प्रदर्शन जारी रखेंगे। अध्यापक बोले- पहले भी गारंटी दिया था पर मुकर गए एक प्रदर्शनकारी अध्यापक ने बताया, “हम पहले भी उनकी गारंटी पर भरोसा करके टंकी से नीचे उतरे थे, लेकिन सरकार बनने के बाद हमसे किए गए वादे पूरे नहीं किए गए। अब हम तब तक नीचे नहीं उतरेंगे जब तक हमें नियुक्ति पत्र नहीं मिल जाते। हमें अपनी जान की भी परवाह नहीं है, लेकिन अब हम झूठे भरोसे में नहीं आएंगे।” फिलहाल, प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। वहीं, बेरोजगार अध्यापक अपनी मांगें मनवाने के लिए संघर्ष जारी रखने पर अड़े हुए हैं।

