वाटर एटीएम पर एनडीएमसी ने शुल्क किया खत्म, अब मुफ्त में मिलेगा ठंडा पानीः कुलजीत सिंह चहल

नई दिल्ली, 01 जून (हि.स.)। दिल्ली नगरपालिका परिषद् (एनडीएमसी) के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने सोमवार को परिषद क्षेत्र में स्थापित वाटर एटीएमों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्थानों पर पेयजल की उपलब्धता, मशीनों की कार्यक्षमता, स्वच्छता मानकों तथा नागरिकों को प्रदान की जा रही सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया।

निरीक्षण के उपरांत चहल ने कहा कि राजधानी में पड़ रही भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए एनडीएमसी ने जनहित में एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। उन्होंने घोषणा की कि दो जून से परिषद क्षेत्र के सभी 38 वाटर एटीएमों से नागरिकों को निःशुल्क पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य राहगीरों, श्रमिकों, पर्यटकों, विद्यार्थियों तथा आम नागरिकों को गर्मी के मौसम में स्वच्छ, शीतल एवं सुरक्षित पेयजल सहज रूप से उपलब्ध कराना है। चहल ने बताया कि वर्तमान में एनडीएमसी क्षेत्र के 23 वाटर एटीएमों पर 300 मिलीलीटर पेयजल एक रुपये के शुल्क पर उपलब्ध कराया जा रहा था, जबकि 15 वाटर एटीएम पहले से ही निःशुल्क सेवा प्रदान कर रहे थे। अब सभी 38 वाटर एटीएमों पर पेयजल पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध होगा।

चहल ने बताया कि स्मार्ट सिटी मिशन के अंतर्गत वर्ष 2018-19 में एनडीएमसी द्वारा वाटर एटीएम परियोजना की शुरुआत की गई थी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप(पीपीपी) मॉडल पर विकसित की गई थी, जिसके अंतर्गत डिज़ाइनिंग, वित्तपोषण, स्थापना, संचालन एवं रख-रखाव की व्यवस्था सात वर्षों के लिए की गई थी।

चहल ने बताया कि पूर्व में इन वाटर एटीएमों का संचालन एवं रखरखाव स्थापना एजेंसी द्वारा किया जाता था, किंतु वार्षिक अनुरक्षण अनुबंध (एएमसी) की अवधि पूर्ण होने के बाद एनडीएमसी के जल आपूर्ति विभाग ने यह जिम्मेदारी स्वयं संभाल ली। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा इन-हाउस संचालन एवं रखरखाव की व्यवस्था प्रभावी ढंग से की जा रही है, जिससे सेवाओं की गुणवत्ता, निगरानी और जवाबदेही में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।

उन्होंने कहा कि वाटर एटीएम परियोजना एनडीएमसी की स्मार्ट, स्वच्छ और नागरिक-केंद्रित सेवाओं के प्रति प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण है। यह पहल न केवल नागरिक सुविधा को सुदृढ़ करती है, बल्कि सार्वजनिक स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और सतत शहरी विकास को भी बढ़ावा देती है।

चहल ने कहा कि यह परियोजना सिंगल-यूज़ प्लास्टिक के उपयोग को कम करने में भी सहायक सिद्ध हो रही है। नागरिक अपने स्वयं के बर्तन का उपयोग कर सकते हैं अथवा पर्यावरण-अनुकूल कागज के कप के माध्यम से पेयजल प्राप्त कर सकते हैं। इससे प्लास्टिक कचरे में कमी लाने और पर्यावरण संरक्षण को प्रोत्साहन मिलता है।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में एनडीएमसी क्षेत्र में स्थापित सभी वाटर एटीएम पूर्णतः क्रियाशील एवं संचालित हैं। आज नेहरू पार्क में एक नए वाटर एटीएम का शुभारंभ किया गया है, जिसके साथ परिषद क्षेत्र में संचालित वाटर एटीएमों की संख्या बढ़कर 38 हो गई है। यह नया वाटर एटीएम प्रतिदिन बड़ी संख्या में पार्क में आने वाले नागरिकों, पर्यटकों और मॉर्निंग वॉकर्स को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराएगा।

चहल ने विश्वास व्यक्त किया कि निःशुल्क पेयजल उपलब्ध कराने की यह पहल भीषण गर्मी के दौरान हजारों नागरिकों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी। भविष्य में भी एनडीएमसी नागरिक सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ करने तथा स्मार्ट शहरी सेवाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।

इस अवसर पर संबंधित विभागों के विभागाध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

---------------

   

सम्बंधित खबर