संगरूर में पुल के नीचे मिला युवती का शव:महिंद्रा एजेंसी में इंटरव्यू देने गई थी; DSP बोले- आत्महत्या का लग रहा मामला
- Neha Gupta
- Jun 18, 2026
संगरूर में धुरी रोड पुल के नीचे आज एक युवती का शव मिला है। सुबह हुई इस घटना की सूचना मिलते ही संगरूर पुलिस अपनी टीमों के साथ मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतक युवती की पहचान उसके परिजनों ने की। युवती की बहन और जीजा भी मौके पर पहुंचे। परिजनों ने बताया कि रजनी (24 साल) बुधवार को महिंद्रा एजेंसी में इंटरव्यू देने गई थी। उसके बाद से घर नहीं लौटी। उन्हें आज सुबह फोन पर घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद वे तुरंत मौके पर पहुंचे। वह बेरोजगार थी और उसे काफी समय से काम नहीं मिल रहा था। DSP बोले- आत्महत्या का लग रहा मामला डीएसपी दलबीर सिंह सिद्धू ने बताया कि शुरुआती जांच में यह मामला आत्महत्या का लग रहा है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि मौत के असली कारणों का पता पोस्टमॉर्टम और विस्तृत जांच रिपोर्ट के बाद ही चलेगा। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार पुलिस अधिकारी ने जानकारी दी कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल संगरूर के मुर्दाघर में भेज दिया गया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है।

