जनसुनवाई में दर्ज हुई 65 शिकायतें, 32 का मौके पर निस्तारण
- DSS Admin
- Jun 01, 2026
-सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों पर डीएम ने जताई नाराजगी
हरिद्वार, 01 जून (हि.स.)। जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में साप्ताहिक जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित 65 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 32 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।
जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, अतिक्रमण, जलभराव, पेयजल, राशन कार्ड तथा अन्य जनसमस्याओं से जुड़े प्रकरण प्रमुख रूप से सामने आए। लालढांग क्षेत्र में ट्यूबवेल के लिए एनओसी, पूर्व सैनिकों एवं वीर नारियों के लिए मिलन केंद्र की स्थापना, पेयजल कनेक्शन, भूमि पैमाइश, विद्युत कनेक्शन, राशन कार्ड संशोधन तथा अवैध कब्जों से संबंधित शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखी गईं।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण आवश्यक है, उनमें संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ मौके पर जाकर समस्या का समाधान करें।
बैठक में सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने बताया कि 36 दिनों से अधिक समय से लंबित शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया जाए। समीक्षा में पाया गया कि एल-1 स्तर पर 583 और एल-2 स्तर पर 171 शिकायतें लंबित हैं। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए लंबित प्रकरणों के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। साथ ही शिकायतकर्ताओं से फोन के माध्यम से संपर्क कर उनकी समस्याओं की जानकारी लेने को भी कहा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. लालित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी, एसडीएम योगेश मेहरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में फरियादी उपस्थित रहे।

