युवक-युवती को टोकने पर व्यक्ति की हत्या,VIDEO:अंबाला में घर आकर सिर में ईंट मारी, पत्नी से बोला- इसका काम तमाम कर दिया
- DSS Admin
- May 12, 2026
हरियाणा के अंबाला में एक युवक ने सिर में ईंट मारकर व्यक्ति की हत्या कर दी। व्यक्ति ने युवक को गली में युवती से बात करने पर टोका था। पहले दोनों के बीच कहासुनी और हाथापाई हुई। कुछ देर में युवक अपने साथियों को लेकर व्यक्ति के घर पहुंच गया। इसके बाद उन्होंने ईंट से हमला कर दिया। घटना का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक ईंट मारते हुए दिख रहे हैं। साथ ही व्यक्ति के परिवार के लोग भी उन युवकों के साथ हाथापाई करते हुए नजर आ रहे हैं। व्यक्ति की पत्नी का कहना है कि युवक ने ईंट मारने के बाद कहा कि इसका काम तमाम कर दिया। फिलहाल सिटी थाना पुलिस ने एक युवक को नामजद कर 3 अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पहले जानिए महिला ने शिकायत में क्या कहा… गली में हुड़दंग मचा रहे थे युवक यह घटना कलाल माजरी इलाके की है। सुमन लता ने अपनी शिकायत में बताया कि उनके पति रामनाथ शर्मा (50) घर पर ही अकाउंटेंट का काम करते थे। उनके तीन बच्चे हैं। 10 मई की दोपहर को वह और उनके पति अपने कमरे में आराम कर रहे थे। उनके पड़ोस में स्थित अहलूवालिया धर्मशाला में कोई कार्यक्रम था। वहां से कुछ युवक शराब पीकर उनकी गली में आकर हुड़दंग मचा रहे थे। युवती को परेशान कर रहे थे युवक सुमन ने आगे बताया- शाम करीब सवा चार बजे हुड़दंग की आवाज सुनकर पति गेट पर गए, तो उन्होंने देखा कि चार युवक उनकी गली में जा रही एक युवती को परेशान कर रहे थे। पति ने चारों को रोका, तो उन्होंने कहा, "तू कौन होता है हमें रोकने वाला?" इतना कहते ही चारों हाथों में ईंट और पत्थर लेकर उनके गेट पर आ गए और धमकाने लगे। पति ने अपने बचाव में विरोध किया, तो चारों ने ईंट और पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। ईंट मारकर बोला- इसका काम तमाम कर दिया उन्होंने बताया कि शोर सुनकर पड़ोसी संजीव पुरी भी मौके पर आ गए। उन तीनों ने चारों को रोकना चाहा, लेकिन वे मारपीट करने लगे। पति बचाव के लिए घर के अंदर आए, तो वे युवक भी उनके घर में घुस आए। महरून रंग की शर्ट पहने एक युवक ने पति के सिर में ईंट मारी और उनसे कहा, "इसका काम तमाम कर दिया है।" फिर चारों हमलावर मौके से भाग गए, जिनमें से एक का नाम भीम बताया जा रहा है। अब जानिए CCTV फुटेज में क्या दिख रहा…. पहली फुटेज: रामनाथ ने युवक को थप्पड़ मारा पहली फुटेज में रामनाथ एक युवक को धमकाते हुए कहते हैं कि यहां क्यों खड़ा है। तेरी हर हरकत कैमरे में रिकॉर्ड हो चुकी है। इसके बाद, रामनाथ युवक को थप्पड़ मारते हैं, जिसके जवाब में युवक भी हाथापाई करने लगता है। कहासुनी के बाद, रामनाथ ईंट उठाने की कोशिश करते हैं, लेकिन उनकी पत्नी उन्हें रोकती हैं। फिर रामनाथ और उनकी पत्नी अपने घर के अंदर चले जाते हैं। दूसरी फुटेज: दोनों पक्षों के बीच हाथापाई हुई दूसरी फुटेज में एक युवती रामनाथ को गालियां देती हुई सुनाई देती है। इसके बाद, वही महरून रंग की शर्ट पहने युवक रामनाथ के घर का गेट खटखटाता है। जब रामनाथ की पत्नी बाहर आती हैं, तो वह युवक कहता है कि रामनाथ को बुलाओ, उसने थप्पड़ कैसे मारा। रामनाथ के बाहर आते ही, युवक उन पर ईंट से हमला कर देता है। इसके बाद, दोनों पक्षों के बीच हाथापाई शुरू हो जाती है, और रामनाथ अंदर गिर जाते हैं। उनकी पत्नी यह देखकर शोर मचाने लगती हैं। जांच अधिकारी बोले- आरोपियों की तलाश जारी जांच अधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमॉर्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों ने चार लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी है। जिसमें एक आरोपी का नाम दिया, बाकी तीन अन्य अज्ञात है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

