हरियाणा में सफाई कर्मचारियों ने दूसरी बार बढ़ाई हड़ताल:14 मई तक सड़कों पर रहेंगे; संघ बोला-सरकार सुन नहीं रहीं, 14 हजार टन सड़कों पर कचरा

हरियाणा में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल खत्म होने के आसार नहीं दिख रहे हैं। सरकार की अनदेखी के रवैये को देखते हुए हरियाणा नगर पालिका कर्मचारी संघ के आह्वान पर हड़ताल 14 मई तक बढ़ा दी गई है। ऐसे में अगले तीन दिन और शहरी क्षेत्रों से निकायों के सफाई कर्मचारी कचरा नहीं उठाएंगे। राज्य में फिलहाल 14 हजार टन से अधिक कचरा सड़कों पर ही पड़ा है। हरियाणा नगर पालिका कर्मचारी संघ के राज्य प्रधान नरेश शास्त्री ने बताया की हड़ताल को अभी तीन दिन और बढ़ाया गया है। अभी अनिश्चितकालीन हड़ताल नहीं की गई है। सरकार कर्मचारियों की सुन नहीं रही है, मजबूरी में उन्हें ये रास्ता अख्त्यार करना पड़ रहा है। संघ बोला-अनिश्चितकालीन हड़ताल के लिए मजबूर कर रहे कर्मचारी संघ ने कहा कि वार्ता और मांगें पूरी करने का लगातार समय दे रहे हैं लेकिन सरकार बार-बार में अनिश्चितकालीन हड़ताल के लिए मजबूर कर रही है। कर्मचारी संघ ने यह भी एलान किया कि कॉलोनियों में जनता के बीच जाकर सरकार की वादा खिलाफी को लेकर जनसंपर्क करेंगे। इससे पहले हरियाणा के सफाई कर्मचारियों ने हड़ताल को चार दिन बढ़ाया था। SC बस्तियों में जाकर करेंगे जनसंपर्क संघ ने यह भी निर्णय लिया है कि अब अनुसूचित समाज की बस्तियों में जनसंपर्क करके हड़ताल को और मजबूत बनाया जाएगा। दमकल कर्मचारियों के समर्थन में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल जारी है। नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री व महासचिव मांगेराम तिगरा ने सरकार को चेतावनी दी कि सरकार मांगों का समाधान करें। शास्त्री ने हरियाणा सरकार पर सफाई एवं दलित विरोधी होने का आरोप लगाया और कहा है कि सरकार ने प्रदेश के सफाई कर्मचारियों को हड़ताल करने के लिए मजबूर किया है।

   

सम्बंधित खबर