यमुनानगर की नहर में गिरी पोकलेन मशीन:कैबिन में फंसे पंजाब के ड्राइवर की मौत, दो बेटियों का पिता था

यमुनानगर में मंगलवार सुबह एक बड़ हादसा हो गया। पश्चिम यमुना नहर में बाड़ी माजरा तीर्थनगर पुल के पास लेवलिंग कार्य के दौरान एक पोकलेन मशीन अचानक नहर में गिर गई। हादसे के समय मशीन चला रहा ड्राइवर कैबिन में ही फंस गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से काफी मशक्कत के बाद ड्राइवर को बाहर निकाला गया। गंभीर हालत में उसे तुरंत सिविल अस्पताल यमुनानगर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान 35 वर्षीय प्रीतम निवासी थारा झिकला, जिला पठानकोट (पंजाब) के रूप में हुई है। वह दो बेटियों का पिता था और पिछले करीब 20 वर्षों से पोकलेन मशीन चलाने का काम कर रहा था। रेत में धंस गया कैबिन मृतक के भाई कुलदीप ने बताया कि वे पिछले करीब चार वर्षों से यमुनानगर में पश्चिमी यमुना नहर पर लेवलिंग का कार्य कर रहे थे और पास में बने क्वार्टर में रहते थे। मंगलवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे बाड़ी माजरा पुल के पास लेवलिंग का काम शुरू किया गया था। प्रीतम मशीन के कैबिन में बैठकर नहर के किनारे लेवलिंग कर रहा था। इसी दौरान अचानक मशीन रेत में धंस गई और असंतुलित होकर नहर में जा गिरी। हादसे के दौरान मशीन का कैबिन पानी और रेत में नीचे धंस गया, जिससे प्रीतम अंदर ही फंस गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई, लेकिन कैबिन पूरी तरह धंसा होने के कारण उसे तुरंत बाहर नहीं निकाला जा सका। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की टीम को बुलाया गया। काफी देर तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद प्रीतम को पानी से बाहर निकाला गया। इसके बाद उसे गंभीर हालत में सिविल अस्पताल यमुनानगर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि कैबिन में फंसे रहने के कारण दम घुटने से प्रीतम की मौत हुई है। हालांकि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। जांच अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

   

सम्बंधित खबर