अपने आदर्शों से गांधी ने विश्व को दिखाया सत्य और अहिंसा का मार्ग : कमलेश
- Admin Admin
- Oct 02, 2025
रांची, 2 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर गुरुवार को कांग्रेस भवन में भावपूर्ण श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने सत्य और अहिंसा के पुजारी महात्मा गांधी और सादगी और राष्ट्रप्रेम के प्रतीक लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में कमलेश ने कहा कि सत्य हमारा मार्ग, अहिंसा हमारा शस्त्र है, महात्मा गांधी ने अपने आदर्शों से पूरे विश्व को सत्य और अहिंसा का मार्ग दिखाया।
वहीं लाल बहादुर शास्त्री ने अपने कर्म से सिद्ध किया कि सादगी में असीम शक्ति होती है। आज हम सभी का दायित्व है कि उनके आदर्शों को राजनीतिक जीवन ही नहीं, बल्कि सामाजिक जीवन में भी आत्मसात करें।
इस अवसर पर उपस्थित प्रमुख नेताओं ने भी अपने विचार रखा और दोनों महान विभूतियों के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में डॉ राकेश किरण महतो, राजन वर्मा, पूर्व विधायक जयप्रकाश गुप्ता, जगदीश साहू, कामेश्वर गिरी, जगन्नाथ साहू, राम प्रकाश महतो सहित अन्य शामिल थे। मौके पर दो मिनट का मौन रखकर राष्ट्रसेवा में समर्पित इन दोनों महापुरुषों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak



