बिहार में वाेट डालने के लिए भाजपा ने मुफ्त टिकट के साथ प्रवासियों को ट्रेन में बिठाया

पानीपत, 3 नवंबर (हि.स.)। बिहार में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के लिए पानीपत से सोमवार को भाजपा ने सैकड़ों प्रवासी मतदाताओं को अपने गृह राज्य की ओर रवाना किया। इन प्रवासियों को मतदान में भागीदारी सुनिश्चित कराने के लिए जिला पानीपत भाजपा के पदाधिकारियों ने निशुल्क रेल के सामान्य टिकट उपलब्ध कराकर बिहार के लिए रवाना किया। सुबह से ही पानीपत रेलवे स्टेशन पर प्रवासियों की भीड़ लगनी शुरू हो गई थी।

भाजपा जिलाध्यक्ष दुष्यंत भट्ट, नगर निगम मेयर कोमल सैनी, भाजपा जिला संयोजक रोशन लाल और स्टेशन अधीक्षक रमेश चंद्र सहित कई पदाधिकारी रेलवे स्टेशन पर मौजूद रहे।

सभी ने प्रवासी यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए लोकतंत्र के इस महापर्व में शामिल होने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान भाजपा पदाधिकारियों ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जिलाध्यक्ष दुष्यंत भट्ट ने कहा कि मतदान हर नागरिक का अधिकार और कर्तव्य दोनों है। उन्होंने कहा कि देश के हर नागरिक को अपनी भागीदारी मतदान के माध्यम से देनी चाहिए। मतदान से ही सशक्त लोकतंत्र का निर्माण होता है। भट्ट ने प्रवासियों को धन्यवाद देते हुए कहा कि इतनी दूर जाकर मतदान करना लोकतांत्रिक चेतना की मिसाल है।

मेयर कोमल सैनी ने बताया कि पहली ट्रेन से लगभग 200 से अधिक यात्री बिहार के लिए रवाना हुए। उन्होंने कहा कि पानीपत एक औद्योगिक शहर है, जहां बड़ी संख्या में बिहार से आए श्रमिक काम करते हैं। ऐसे में जब बिहार विधानसभा चुनाव का प्रथम चरण 6 नवंबर को होने जा रहा है। इन प्रवासियों के लिए मतदान में शामिल होना बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन ने समाज की जिम्मेदारी समझते हुए इन यात्रियों के लिए निशुल्क जाने की व्यवस्था की, ताकि कोई भी मतदाता मतदान से वंचित न रहे।

भाजपा जिला संयोजक रोशन लाल ने कहा कि लोकतंत्र में सबसे बड़ा उत्सव चुनाव होता है और मतदाता इसकी आत्मा हैं। उन्होंने कहा कि यह देखकर गर्व होता है कि यहां के श्रमिक अपने गृह राज्य के चुनाव में भाग लेने के लिए इतने उत्साहित हैं। स्टेशन अधीक्षक रमेश चंद्र ने बताया कि सोमवार को दोपहर बाद पहली ट्रेन बिहार के लिए रवाना हुई है, जबकि शाम को और भी विशेष ट्रेनों के चलने की संभावना है। उन्होंने बताया कि सभी यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए रेलवे प्रशासन की ओर से विशेष इंतजाम किए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

   

सम्बंधित खबर