ग्रीन सिटी घोटाले में गिरफ्तार तीन आरोपितों को चुंचुड़ा जिला अदालत भेजा गया

हुगली, 28 मई (हि. स.)। आरामबाग नगरपालिका के ग्रीन सिटी प्रोजेक्ट में वित्तीय अनियमितता और धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार तीन आरोपितों को गुरुवार को आरामबाग थाना पुलिस ने चुंचुड़ा जिला अदालत में पेश किया। आरोपितों को अदालत लाए जाने के दौरान कोर्ट परिसर में काफी हलचल देखा गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, ग्रीन सिटी परियोजना में सरकारी धन के इस्तेमाल में कथित अनियमितताओं और वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायत के बाद जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान हाल ही में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मानस कुंडू, स्वरबानु घोष उर्फ तुंब और कौस्तव मुखर्जी के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि आरोपितों में एक ठेकेदार, एक इलेक्ट्रिक सुपरवाइजर और आरामबाग नगरपालिका के एक पूर्व इंजीनियर शामिल हैं। जांचकर्ताओं का दावा है कि मामले की जांच में कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं।

गुरुवार सुबह कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच आरोपितों को आरामबाग से चुंचुड़ा जिला अदालत ले जाया गया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जांच को आगे बढ़ाने के लिए अदालत से आरोपितों की पुलिस हिरासत की मांग की जा सकती है।

इस मामले को लेकर आरामबाग के राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है। सरकारी धन के दुरुपयोग के आरोप सामने आने के बाद विभिन्न वर्गों ने मामले को गंभीर बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस कथित वित्तीय घोटाले में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।

---------------

   

सम्बंधित खबर