पर्यटकों के लिए आज से खुला सरिस्का टाईगर रिजर्व, बारिश से जंगल हुआ घना गहरा

अलवर, 1 अक्टूबर (हि.स.)। जिले का सरिस्का टाइगर रिजर्व तीन महीने बाद मंगलवार से पर्यटकों के लिए पूरी तरह खुल गया है। सुबह बड़ी संख्या में देशी और विदेशी पर्यटक सरिस्का घूमने के लिए पहुंचे। सरिस्का फील्ड डायरेक्टर संग्राम सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने पर्यटकों का तिलक लगा व माला पहनाकर स्वागत किया। फिर हरी झंडी दिखाकर उनके वाहनों को रवाना किया। इस बार विदेशी पर्यटक भी सुबह सरिस्का सफारी करने के लिए पहुंचे। सरिस्का के सभी जोन खुलने से पर्यटक काफी खुश भी नजर आए।

सरिस्का फील्ड डायरेक्टर संग्राम सिंह ने बताया कि इस बार सरिस्का में बारिश अच्छी हुई हैं। जंगल में सभी पानी के पॉइंट भरे हुए हैं। साथ ही जंगल भी घना और सुंदर हो गया है। पर्यटकों को टाइगर के साथ कई वन्य जीव जंतु देखने को मिले हैं। जिस कारण पर्यटकों में ख़ुशी हैं। जंगल के कुछ रास्ते बरसात से खराब हो गए थे। जिन्हें ठीक करा दिया गया हैं। पहले ही दिन सभी जिप्सी और केंटरा बुक हो गई। सरिस्का में बाघों का कुनबा भी बढ़ गया हैं। इस दौरान सरिस्का के अधिकारी कर्मचारी सहित समाजसेवी अभिषेक तनेजा, आशुतोष शर्मा आदि भी मौजूद रहे।

उन्होंने बताया कि सरिस्का की जिप्सी को 1 साल का एक्सटेंशन दे दिया है। नाै साल पुरानी जिप्सी को जंगल से हटा दिया गया था लेकिन जिप्सी की जगह जंगल में पर्यटकों को सैर कराने के लिए दूसरे वाहनों का विकल्प नहीं दिखा। ऐसे में रणथम्भाेर टाइगर रिजर्व ने अपनी कई जिप्सी को एक साल का एक्सटेंशन दे दिया। इसी आधार पर सरिस्का प्रशासन ने भी यहां की जिप्सी को एक साल का एक्सटेंशन दिया है। सरिस्का में करीब 55 जिप्सी है। जिनमें 25 जिप्सी नाै साल पुरानी है।

सरिस्का में अभी कुल 43 टाइगर हैं। जिसमें मेल 11 और फीमेल 14 जबकि 18 शावक हैं। सरिस्का में शावकों की संख्या ज्यादा हैं। सरिस्का के बढ़ते कुनबे से वन्य जीव प्रेमियों में भी ख़ुशी हैं। टाइगर की संख्या बढ़ने के बाद से पर्यटकों की संख्या में भी इजाफा हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार

   

सम्बंधित खबर